तेलंगाना में अंतरराष्ट्रीय किडनी रैकेट का भंडाफोड़, एमबीए छात्र गिरफ्तार, श्रीलंका और तुर्की तक फैला था जाल

पुलिस ने बताया कि रैकेट गैरकानूनी ढंग से किडनी बिक्री के काम में लगा था। आरोपी के खिलाफ 2019 में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने श्रीलंका या तुर्की से अपने स्रोतों के जरिए किडनी का इंतजाम करने का वादा किया था और परिवार के सदस्यों की पासपोर्ट की कॉपी भी ली थी।
इस पर शिकायतकर्ता ने 34 लाख रुपये आरोपी को दिए थे।
रकम मिलने के बावजूद आरोपी डोनर का इंतजाम नहीं कर सका। जांच के दौरान आरोपी को शुक्रवार को शहर से गिरफ्तार किया गया।
अपनी किडनी बेच चुका है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कुछ साल पहले आर्थिक तंगी से निजात पाने के लिए श्रीलंका में किडनी बेची थी।
इसी दौरान वह कुछ डॉक्टरों के संपर्क में आया। आसानी से लाखों रुपये कमाने के फेर में उसने जरूरतमंदों और डोनरों के बीच एजेंट के तौर पर काम करना शुरू कर दिया। आरोपी सोशल मीडिया के जरिये भोले-भाले लोगों को फंसाता था।
किडनी दान करने के बाद उन्हें बहुत कम रकम देता था। वह अमीर मरीजों से 30 से 50 लाख रुपये तक वसूलता था।
मरीजों से बातचीत के बाद वह श्रीलंका और तुर्की स्थित अपने संपर्कों को सूचना देता था। ये लोग वहां यात्रा, रहने-खाने और सर्जरी का इंतजाम करते थे।








