तेंदूपत्ता तोड़ रहे युवक पर बाघ ने किया हमला

खितौली के मेढकी में बाघ ने किया युवक पर हमला
सेहराहार में तेंदूपत्ता तोड़ रहा था युवक
लहूलुहान युवक का बरही अस्पताल में चल रहा उपचार
बरही-नेशनल पार्क बांधवगढ़ बफर जोन से सटे राजस्व भूमि में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य मे लगे युवक पर बाघ ने हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही में भर्ती कराया गया है, जिसका उपचार जारी है।
बाघ हमले की यह घटना बरही थानाक्षेत्र अंतर्गत खितौली के बफर जोन एरिया से सटे ग्राम मेढ़की स्थित सेहरा हार की है। ग्राम खितौली निवासी कमलू चौधरी गुरुवार की सुबह करीब साढ़े 6 बजे अपने साथी प्रीतम चौधरी के साथ तेंदूपत्ता तुड़ाई करने में जुटा हुआ था, तभी झाड़ी से निकलकर बाघ ने उस पर हमला कर दिया। कमलू पर बाघ हमले का दृश्य देखते ही साथी प्रीतम ने शोर मचाना प्रारम्भ कर दिया, जिसके बाद बाघ कमलू को छोड़ कर जंगल मे चला गया। घटना की जानकारी लगते ही लहूलुहान कमलू को डायल 100 व बफर जोन के कर्मचारियों की मदद से बरही अस्पताल में भर्ती कराया, जिसका उपचार जारी है।








