Latest

तलाक पर बोले तेजप्रताप- मैं साफ कर दूं कि मैं उसे बचपन से नहीं जानता मुझे …

पटना। लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप द्वारा तलाक की अर्जी दाखिल किए जाने के बाद अब उनका इस मामले में बयान आया है। तेजप्रताप ने इस अर्जी को लेकर कहा है कि वो घुट-घुटकर नहीं जी सकते। बता दें कि उनके इस कदम से ना सिर्फ उनके बल्कि उनके ससुराल में भी हड़कंप मचा हुआ है। शुक्रवार सारी रात इस मुद्दे को लेकर परिवार के लोग चर्चा करते रहे और सुलह की कोशिशें होती रहीं लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

लालू प्रसाद के बड़े पुत्र तेजप्रताप अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय से सुलह के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हैं। पटना सिविल कोर्ट में तलाक की अर्जी देने और दोनों परिवारों के करीबियों द्वारा काफी मान-मनौव्वल के बावजूद तेजप्रताप ने साफ कर दिया है कि अब तीर कमान से निकल चुका है तो अंजाम तक पहुंचकर ही रहेगा। मुझे रोज घुट-घुटकर नहीं जीना। तेज प्रताप ने ऐश्वर्या पर लड़ने झगड़ने का आरोप भी लगाया।

रांची स्थित रिम्स में इलाजरत पिता लालू प्रसाद से मिलने गए तेज प्रताप ने तलाक की अर्जी दायर करने के बाद शनिवार को पहली बार मीडिया से अपनी व्यथा साझा की। उन्होंने अपनी शादी को बेमेल करार दिया और कहा कि मेरा और ऐश्वर्या में कोई मेल नहीं है। हम दोनों के बीच सोसाइटी का फर्क है।

तेजस्वी ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने अचानक फैसला नहीं लिया है। मेरे माता-पिता सब जानते हैं। सिर्फ तेजस्वी यादव से इस मसले पर कोई बात नहीं हुई है। तेजप्रताप ने कहा कि मेरे फैसले के साथ मेरे परिवार के लोग खड़े नहीं हैं। ऐश्वर्या के साथ शादी के सवाल पर तेजप्रताप ने कहा कि मैं पहले से ही तैयार नहीं था। लोग कहते हैं कि मेरा प्रेम विवाह हुआ है, लेकिन मैं साफ कर दूं कि मैं उसे बचपन से नहीं जानता था। शादी करके मुझे मोहरे की तरह इस्तेमाल किया गया।

बता दें कि तेजप्रताप ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय से तलाक का केस पटना के व्यवहार न्यायालय में दर्ज कराया है। दर्ज केस के मुताबिक तेजप्रताप ने अर्जी दी है कि वो अब अपनी पत्नी ऐश्वर्या के साथ नहीं रहना चाहते, तलाक चाहते हैं। इस खबर के बाद राजनीतिक महकमे में तहलका मचा हुआ है। तेजप्रताप ने शादी के पांच महीने के बाद ही तलाक की अर्जी दी है।

तलाक की खबर से मचा तहलका

बताया जाता है कि तेज प्रताप यादव के तलाक की अर्जी देने की खबर परिवार में किसी को नहीं थी। अचानक सबको ये पता चलने के बाद दोनों परिवार में भूचाल आ गया है।

हालांकि तेज प्रताप की तलाक की अर्जी के बाद दोनों परिवार में रिश्ते को बचाने का सिलसिला भी जारी है। दोनों परिवारों के बीच सुलह की कोशिशें जारी हैं। तेज प्रताप के ससुर चंद्रिका राय रातभर इस कोशिश में लगे रहे कि दामाद मान जाए, इस दौरान आवास पर परिवार के सभी लोग मौजूद रहे।

दरअसल तेजप्रताप का ये फैसला लालू परिवार के लिए बड़ा सदमा है। तेज प्रताप को समझाने की पूरी कोशिश जारी है और पूरा परिवार ये कोशिश में लगा है कि बड़ा बेटा अपना फैसला बदल ले और शादी टूटने से बच जाए।

Leave a Reply

Back to top button