डिडौंरी जिले में ट्रैक्टर पलटने से 2 लोग जिंदा जले, एक गंभीर रूप से घायल

14 01 2021 dindori tractor accident news 2021114 14202

शहपुरा, Dindori News। डिंडौरी जिले के चौकी बिछिया अंतर्गत ग्राम कुटरई भेड़ी नाला के पास गुरुवार की दोपहर लगभग 12 बजे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उसमें लगी आग की चपेट में आने से वाहन चालक सहित एक युवक की जहां मौके पर मौत हो गई वहीं एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोग पूरी तरीके से जिंदा जल गए।

आग इतनी तेज थी कि किसी को बचाने का समय भी नहीं मिला। एक गंभीर रूप से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहंदवानी भिजवाया गया है। डॉक्टर ने बताया कि घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना के संबंध में चौकी प्रभारी मनोज त्रिपाठी ने जानकारी में बताया कि ट्रैक्टर में सवार होकर जामेधा गांव से गन्ना कटाई का पैसा देकर कुटरई लौटते वक्त भेडानाले के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।

वाहन पलटते ही आग लग गई। आग की चपेट में आने से ट्रैक्टर चालक प्रभात पिता कमल सिंह वरकड़े उम्र 30वर्ष निवासी कुटरई व नन्हू पिता सक्कु मरकाम उम्र 17 वर्ष निवासी कुटरई की जलकर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुखदीन पिता गोहरा उम्र 21 वर्ष निवासी कुटरई को लोगों की मदद से स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में घटनास्थल पर लोगों का जमावड़ा लग गया। दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर भी पूरी तरीके से जल चुका है, जबकि शव भी जलकर पूरी तरीके से राख बन गग हैं। पुलिस मौके पर पहुच पंचनामा बना मर्ग कायम कर लिया है। यह दर्दनाक घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है।