ठंड का यू-टर्न ,दो डि.से. गिरा पारा, मंडला सबसे ठंडा
जबलपुर,यभाप्र। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने लगा है जिससे उत्तर से आ रही सई हवाओं ने तापमान में सिहरन पैदा कर दी है। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को तापमान में दो डिग्री की कमी आई है। कल जहां अधिकतम तापमान 32.8 था तो आज 30.8 पर आ गया है। जबकि न्यूनतम तापमान एक डिसे गिर कर 13.9 पर आ गया है। इसमें अब तेजी से गिरावट आएगी। जहा तक अंचल का सवाल है तो सबसे कम 8 डिसे मंडला में दर्ज किया गया। आद्रता 73 प्रतिशत रही। आज सुबह हल्की धुंध की चादर रही। आसमान साफ होने से अब सर्दी अपने तेवर दिखाएगी। मौसम विभाग के वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र तिवारी का कहना है कि इस बार सर्दी का दौर भी लंबा खिंचने की संभावना है। खास वजह यह है कि ठंड के लिए जरूरी माने जाने वाले वेस्टर्न डिस्टरबेंस की फ्रिक्वेंसी इस बार ज्यादा है। इसका असर यह हुआ कि कश्मीर घाटी और हिमाचल में बर्फबारी भी 10-15 दिन पहले शुरू हो गई। हमारे यहां इसका यह प्रभाव पड़ा कि उत्तर से सर्द हवा जल्द आने लगी। अब जम्मू-काश्मीर सहित उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बर्फबारी फिर शुरू होने के साथ ही हवा का रुख उत्तरी होने से अधिकांश क्षेत्रों में ठंड का असर बढऩे लगा है। इ उत्तरी हवा चलने के कारण अब दिन और रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना बढ़ गई है।पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढऩे से प्रेरक चक्रवात का असर भी कम हो गया है। इससे हवाओं का पेटर्न बदलकर उत्तरी हो गया है। इससे अब दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज होना शुरु हो जाएगी। नवंबर में अंतिम सप्ताह में ठंड के तेवर और तीखे होने के आसार हैं।

