Site icon Yashbharat.com

टूटी स्टे रॉड पर चल रही थी गरीब रथ एक्सप्रेस, हो सकता था हादसा

08 07 2019 delhi lucknow tejas express 19382115 225454843 m 1

इटारसी । मुंबई-जबलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस रविवार की रात बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। इस ट्रेन के एक एसी कोच की स्टे रॉड टूटी हुई थी। इटारसी में सीएंडडब्ल्यू स्टाफ ने यह स्थिति देख ली। इसके बाद इटारसी में रॉड बदलकर ट्रेन आगे बढ़ाई गई।

रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात मुंबई सीएसटी से जबलपुर जा रही ट्रेन नंबर 12188 गरीब रथ एक्सप्रेस रात करीब दो बजे इटारसी के प्लेटफार्म-6 पर आई। चेकिंग के दौरान सीएंडडब्ल्यू(कैरिज एंड वैगन) टीम में शामिल सुपरवाइजर एवी चौधरी, टेक्नीशियन चैन सिंह एवं पंकज ने देखा कि एक एसी कोच की इक्वेलाइजिन स्टे रॉड (कोच का संतुलन बनाने वाली रॉड) टूटकर लटक गई थी। स्टाफ ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को बताया। जिस पर रॉड बदलने के बाद ट्रेन को रात 3.30 बजे आगे रवाना किया गया। इस कारण ट्रेन करीब डेढ़ घंटे लेट हो गई। इस अवधि में प्लेटफाम-6 पर आने वाली अन्य ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्मों पर लिया गया। वहीं यात्री भी परेशान होते रहे।

क्या है रॉड का महत्व

कोच का संतुलन बनाने के लिए दोनों तरफ यह रॉड लगी होती है। यदि यह टूट जाए, तो कोच का संतुलन बिगड़ जाता है और ट्रेन की रफ्तार तेज होने पर कोच पटरी से उतरकर बड़े हादसे का कारण बन सकता है। मंुबई से चलने के बाद यह ट्रेन भुसावल, खंडवा और हरदा रुकते हुए आई थी, लेकिन कहीं से भी इटारसी जंक्शन पर यह सूचना नहीं आई कि ट्रेन में इतनी बड़ी खामी है।

Exit mobile version