Site icon Yashbharat.com

टीम इंडिया के नाम हुई टी20 क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी जीत, आयरलैंड को 143 रन से रौंदा

डबलिन। केएल राहुल और सुरेश रैना के अर्द्धशतकों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से भारत ने शुक्रवार को दूसरे टी20 मैच में आयरलैंड को 143 रनों से हराया। यह भारत की टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत है। यह अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में संयुक्त रूप से दूसरी बड़ी जीत है। भारत के 4 विकेट पर 213 रनों के जवाब में आयरलैंड की पारी 12.3 ओवरों में 70 रनों पर सिमट गई। इसी के साथ भारत ने दो मैचों की सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमाया।

टी20 क्रिकेट की दूसरी बड़ी जीत : भारत ने 143 रनों से आयरलैंड को हराया, यह टी20 क्रिकेट में संयुक्त रूप से दूसरी बड़ी जीत है। श्रीलंका ने जोहान्सबर्ग में 14 सितंबर 2007 को केन्या को 172 रनों से हराया था। इसके अलावा पाकिस्तान ने 1 अप्रैल 2018 को कराची में वेस्टइंडीज को 143 रनों से हराया था। अब भारत ने पाकिस्तान के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

यह भारत की टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 20 दिसंबर 2017 को कटक में इंग्लैंड को 93 रनों से हराया था।

यह आयरलैंड का दूसरा कम स्कोर है। उसका न्यूनतम स्कोर 68 है जो उसने 30 अप्रैल 2010 को प्रोविडेंस में वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाया था।

उमेश यादव ने पारी की दूसरी ही गेंद पर पॉल स्टर्लिंग को स्लिप में सुरेश रैना के हाथों झिलवाया। उमेश ने इसके बाद विलियम पोर्टरफील्ड (11) को बोल्ड किया। जेम्स शेनोन (2) को राहुल के हाथों झिलवाकर सिद्धार्थ कौल ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 विकेट हासिल किया। चहल ने एंडी बा‍लबिर्नी को पैवेलियन लौटाया। हार्दिक पांड्‍या ने केविन ओ’ब्रायन को थर्डमैन पर कुलदीप के हाथों झिलवाया और आयरलैंड की आधी टीम 32 रनों के अंदर पैवेलियन लौट गई। सिमी सिंह खाता खोले बगैर चहल के शिकार हुए। कुलदीप यादव ने कप्तान गैरी विल्सन (15) को बोल्ड किया। कुलदीप यादव ने 16 रनों पर 3 और युजवेंद्र चहल ने 21 रनों पर 3 विकेट लिए। उमेश यादव ने 21 रनों पर 2 विकेट हासिल किए।

आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान विराट कोहली 9 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। कोहली ने पीटर चेज की गेंद पर डीप स्क्वेयर लेग पर जॉर्ज डॉकरैल को कैच थमा दिया। राहुल ने बॉयड रैंकिन की गेंद पर छक्का लगाते हुए फिफ्टी पूरी की। उन्होंने इसके लिए 28 गेंदों का सामना कर 3 चौके और 4 छक्के लगाए।

केविन ओ’ब्रायन ने एक ओवर में दो झटके देकर भारत के विशाल स्कोर की तरफ बढ़ते कदमों को कुछ हद तक थाम लिया। केविन ने अपनी पहली ही गेंद पर राहुल को आउट कर दिया, वे उन्हें रिटर्न कैच थमा बैठे। राहुल ने 36 गेंदों में 3 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। केविन ने इसी ओवर में रोहित शर्मा को बैकवर्ड पाइंट पर स्टर्लिंग के हाथों झिलवाया। सुरेश रैना ने केविन की गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की। वे केविन की गेंद पर डॉकरैल को कैच दे बैठे। उन्होंने 45 गेंदों में 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 69 रन बनाए।

भारत की तरफ से तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल इस मैच में अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू किया। । पूर्व कप्तान महेंद्रसिंह धोनी ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय टी20 कैप प्रदान की। कौल ने आईपीएल 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से शानदार प्रदर्शन किया था। भारत ने प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए। केएल राहुल, दिनेश कार्तिक, सिद्धार्थ कौल और उमेश यादव को शामिल किया गया। शिखर धवन, महेंद्रसिंह धोनी, जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को आराम दिया गया।

इंग्लैंड के कठिन दौरे के मद्देनजर भारतीय कप्तान विराट कोहली चाहेंगे कि उनके अधिकांश खिलाड़‍ियों को मैच प्रैक्टिस मिल जाए। भारत ने बुधवार को पहला मैच आसानीसे 76 रनों से जीता था और दूसरे मैच में भी उसे ज्यादा चुनौती मिलने की उम्मीद नहीं है। केएल राहुल और दिनेश कार्तिक ने आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन किया था, इसके बावजूद इन्हें पहले मैच में मौका नहीं मिला। राहुल भी इंग्लैंड दौरे के पहले लय में आना चाहेंगे।

Exit mobile version