जेब कट रही हैं, क्योंकि लोगों के पास पैसा है: अभिलाष पांडे

दमोह । प्रदेश भर में संकल्प यात्रा लेकर पहुंच रहे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे मंगलवार रात दमोह पहुंचे।
इस दौरान बड़ी संख्या में युवा उनका स्वागत करने खड़े थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं की जेबें कट गईं। बुधवार सुबह प्रेसवार्ता में जब अभिलाषा पांडे से इस बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि जेबकतरे अपना काम कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ता सुदृढ़ हैं। फिर उन्होंने कहा कि जेब इसलिए कट रही हैं, क्योंकि लोगों के पास पैसा है। युवाओं के पास रोजगार है और यही भाजपा के विकास की निशानी है।
इसके बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल सिंह अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात कर रहे हैं। पहले वे अपने घर में विश्वास बना लें, फिर भाजपा सरकार को गिराने के लिए अविश्वास प्रस्ताव के बारे में सोचें। किसानों के नाखुश पर उन्होंने कहा कि जो किसान नाखुश हैं वे कांग्रेसी किसान हैं। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के इन बयान पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय टंडन ने पलटवार किया है। श्री टंडन ने कहा कि भाजपा ने केवल अपने चहेते कार्यकर्ताओं का विकास किया है। अब उनके पास अनर्गल पैसा आ गया है जो उनकी जेबों से दिखने लगा है।








