Site icon Yashbharat.com

जानिए, कौन हैं वो सपा नेता मुलायम सिंह यादव जिनका हुआ निधन, अखिलेश ने दी श्रद्धांजलि

mulayam

औरैया के दिग्गज के समाजवादी नेता पूर्व एमएलसी मुलायम सिंह यादव का शनिवार रात उनके पैतृक गांव ककोर के कढोरे का पुरवा में निधन हो गया। वह 92 साल के थे, वर्ष 1949 में 21 साल की उम्र में वह अपने गांव के सरपंच चुने गए थे। इसके बाद 15 वर्षों तक ब्लॉक प्रमुख और करीब 20 वर्षों तक लगातार विधान परिषद सदस्य रहे। मुलायम सिंह यादव पूर्व सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के बेहद नजदीकी रहे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी है।

राजनीति की गहरी समझ रखने वाले मुलायम सिंह यादव 1949 में गांव के सरपंच बने और लगातार पांच बार वह इस पद पर चुने गए। 1973 से 1988 तक वे भाग्यनगर के ब्लाक प्रमुख रहे और फिर 1990 में पहली बार विधान परिषद के लिए चुने गए।

वर्ष 2010 तक लगातार वह स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के सदस्य रहे। पौत्र गौरव यादव ने बताया कि हाल ही में वह स्वास्थ्य लाभ लेकर कानपुर के अस्पताल से घर लौटे थे, लेकिन तबियत फिर बिगड़ गई। पार्टी नेतृत्व ने उनके निधन पर परिवार को शोक संदेश भेजा है। सपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह यादव, पूर्व मंत्री चौधरी रामबाबू यादव, पूर्व विधायक प्रदीप यादव, इंद्रपाल सिंह पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपू सिंह, पूर्व प्राचार्य डॉक्टर अजब सिंह यादव, पूर्व सपा जिला अध्यक्ष राजेश चौहान को श्रद्धांजलि दी।

Exit mobile version