Site icon Yashbharat.com

ज़रूरतमंद बुज़ुर्गो के लिए खास योजना, हेल्प के लिए इस टोल फ्री नं 1800-233-1253 पर करें कॉल

old women with mobile

भोपाल।ये आम समस्या है कि घर में बुज़ुर्ग लोग अकेले हैं, उनकी मदद करने वाला कोई नहीं है. सामाजिक न्याय विभाग इस योजना के ज़रिए ऐसे ही लोगों की मदद कर रहा है.

मध्यप्रदेश में अब ज़रूरतमंद लोगों को मुफ्त में दवाएं दी जाएंगी. ये वो ज़रूरतमंद हैं जो बुज़ुर्ग, बेसहारा और चलने-फिरने से लाचार हैं. सामाजिक न्याय विभाग ये नयी योजना शुरू कर रहा है .  ज़रूरत पड़ी तो इन लोगों के घर दवाइयां पहुंचाई जाएंगी.

योजना की शुरुआत भोपाल से हो रही है. भोपाल के तीन सेंटर्स को इसके लिए चुना गया है.  अगर काम ठीक-ठाक चला तो फिर पूरे प्रदेश में ज़रूरतमंदों को ये सुविधा मिलने लगेगी.भोपाल में फिलहाल वरिष्ठ नागरिक मंडल 10 नंबर बस स्टॉप, शाहपुरा और आयुष अस्पताल में ये सुविधा शुरू हो चुकी हैं. इन सेंटर्स पर 100 से 150 प्रकार की जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध रहेंगी. इनके साथ डायबिटीज, अस्थमा और अन्य दर्द निवारक दवाएं भी उपलब्ध रहेंगी. जांच रिपोर्ट या पर्चा दिखाने पर ये दवाइयां मिल सकेंगी. फिलहाल  ग्रामीण इलाकों में मोबाइल वैन के ज़रिए दवाइयां बंटवायी जाएंगी.

मध्य प्रदेश में ऐसे बुज़ुर्गों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिनके बच्चों ने उन्हें छोड़ दिया है या फिर बच्चे बाहर नौकरी पर हैं. घर में अब बुज़ुर्ग अकेले हैं और उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है. ऐसे लोगों को कई बार सरकारी अस्पतालों में मुफ़्त दवाइयां नहीं मिल पाती हैं. ऐसे ही ज़रूरतमंदों की मदद के लिए ये योजना शुरू की गयी है. सामाजिक न्याय विभाग इस काम में हेल्पेज इंडिया की मदद ले रहा है.

विभाग ने सीनियर सिटीजन्स और ज़रूरतमंदों के लिए हेल्प लाइन शुरू  कर दी है.  हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1253 पर ये लोग फोन कर सकते हैं. परिस्थिति देखते हुए फैसला किया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति को सेंटर पर बुलाना है या उनके घर पर दवाई पहुंचाना है.

Exit mobile version