जबलपुर : 13 को आयेंगे सिंधिया, 21 को आ सकते हैं कमलनाथ
जबलपुर। कमलनाथ के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनने और ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव अभियान समिति की जिम्मेदारी मिलने के बाद लम्बे समय से कांग्रेस के कार्यकर्ता उनके नगरागमन का इंतजार कर रहे थे।
चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने प्रदेश भर में चल रहे दौरे, जिले में लम्बे समय से हो रहा इंतजार
लम्बे समय के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया का 13 जुलाई की शाम को शहडोल से जबलपुर आगमन हो रहा है जो 14 जुलाई को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं 21 या 22 जुलाई को कमलनाथ के आने की संभावना बताई जा रही है।
यह है कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक ज्योतिरादित्य सिंधिया शहडोल से जबलपुर सड़क मार्ग से आयेंगे। उसके बाद दूसरे दिन उनका इलेक्शन कैम्पैन कमेटी के लोगों से मीटिंग के अलावा प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों से मिलने का कार्यक्रम भी रखा गया है। वहीं दावेदारों को आंकने के लिए तीन विधानसभा क्षेत्रों में भी कार्यक्रम रखे गए हैं। श्री सिंधिया विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम को दिल्ली रवाना हो जायेंगे।
हो सकती है सभा
एक ओर जहां सिंधिया चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे वहीं कमलनाथ के आने पर जनसभा के आयोजन की बातें भी कही जा रही हैं।
चूंकि कमलनाथ प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जबलपुर आ रहे हैं इसको देखते हुए उनके भव्य स्वागत की तैयारी होगी। कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने और आम जनता के बीच माहौल बनाने के उद्देश्य से जनसभा की तैयारी भी होगी। लेकिन अभी उनके आने की तारीख की घोषणा नहीं हुई है परन्तु पार्टी सूत्रों की मानें तो 21 या 22 जुलाई को उनका आना तय माना जा रहा है।

