जबलपुर से रीवा इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित 4 ट्रेनों को मिली हरीझंडी

कटनी। रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। जबलपुर से रीवा और सिंगरौली जाने के लिए भी इंटरसिटी चलाने के लिए रेलवे बोर्ड तैयार हो गया है।
रेलवे बोर्ड ने जबलपुर से रीवा के बीच रीवा इंटरसिटी और जबलपुर से सिंगरौली के बीच सिंगरौली इंटरसिटी चलाने का आदेश दे दिया है।
इसके अलावा रेलवे ने जबलपुर से भोपाल और इंदौर जाने वाले यात्रियों की परेशानी दूर करते हुए ओवरनाइट एक्सप्रेस को चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे बोर्ड ने गुरुवार को जबलपुर-इंदौर ओवरनाइट चलाने के लिए हरी झंडी दे दी है। अब जबलपुर रेल मंडल को तय करना है कि यह ट्रेन कब से चलेगी।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि तीन से चार दिन में ट्रेन को शुरू कर दिया जाएगा। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
वहीं रीवा से भोपाल के बीच चलने वाली रीवांचल एक्सप्रेस को भी चलाने के लिए बोर्ड की हरीझंडी मिल गई है।
जबलपुर रेल मंडल का कमर्शियल विभाग बोर्ड की हरी झंडी मिलते ही ट्रेन चलाने की तैयारी में जुट गया है। अब रिजर्वेशन से लेकर परिचालन संबंधित सभी पहलुओं का अध्ययन शुरू हो गया है।
दो दिन के भीतर इन ट्रेनों में ऑनलाइन रिजर्वेशन भी शुरू हो जाएगा।
इतना ही नहीं जबलपुर से इंदौर जाने वालों की भीड़ को देखते हुए सिर्फ रिजर्वेशन कन्फर्म होने वाली यात्रियों को ही ट्रेन में सवार होने का मौका मिलेगा।
ट्रेन की समय सारणी और स्टेशनों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।








