Thursday, April 30, 2026
Latest:
Latest

जबलपुर में सोमवार रात 8 बजे छोटा फुहारा चौक पर होगा 21 फुट ऊंचे रावण का दहन

आशीष शुक्ला..

जबलपुर। असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक दशहरा महापर्व पर श्रीगोविंद गंज रामलीला समिति का विजया दशमी महोत्सव इस बार भी राम मय माहौल में मनाया जायेगा।

इस अवसर पर 21 फिट ऊंचे और 12 फिट चौड़े विशाल रावण का पुतला दहन सोमवार रात 8 बजे छोटा फुहारा चौक पर होगा। महोत्सव के मुख्य अतिथि उत्तर क्षेत्र के विधायक विनय सक्सेना सहित अन्य गणमान्य जन होंगे। इस अवसर पर शिवकाशी की आकर्षक गगनचुंबी अतिशबाजी के नजारे भी देखने मिलेंगे।

समिति ने की जोरदार तैयारियां

रामलीला समिति ने दशहरा महापर्व की जोरदार तैयारियां कीं हैं। अध्यक्ष पं. अनिल तिवारी ने बताया कि कोरोना काल में इस बार भगवान की मानव लीला स्थिगित कर मानस लीला की गई। लेकिन दशहरा पर रावण दहन परंपरा अनुसार होगा। समस्त प्रभु प्रेमियों से आग्रह है कि कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए वे इस आयोजन में शामिल हों।

समिति के व्यास पं. वासुदेव शास्त्री ने बताया कि रावण दहन का उद्देश्य मन की बुराइयों का दहन है। सभी पर्व का निहितार्थ समझते हुए अपने भीतर की बुराईयों को श्रीराम भक्ति की लौ से दहन करें।

बना विशालकाय रावण

रामलीला समिति के महामंत्री और इवेंट एक्सपर्ट मनीष पाठक और मंगू गोयल ने बताया कि रावण बनाने के लिए 50 किलो बांस की लकड़ी, 15 किलो पुट्ठे और 20 किलो रंगीन पेपर का इस्तेमाल किया गया है।

रामलीला में 20 साल से श्याम कलाकार रावण बना रहे हैं। उनका साथ समिति के अतुल पांडे, आकाश पाठक, पीयूष विश्वकर्मा, हर्षित पाठक सहित अन्य कलाकार देते हैं।

बताया गया कि रावण दहन पर शिवकाशी से आई रंगारंग आतिशबाजी की छटा भी दर्शकों को देशने मिलेगी। दशहरा के एक दिन पूर्व मंदिर में कुंभकरण मेघनाथ वध की मानस लीला हुई। इसमें राजेश पाठक, अनूप तिवारी, पवन पांडे, मोहन चौबे, राकेश पाठक आदि ने खूब तालियां बटोरीं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम