Wednesday, May 13, 2026
Latest:
jabalpurLatest

जबलपुर में नाबालिग के साथ मिलकर दो युवकों ने लूटा था वकील को

जबलपुर। अधिवक्ता को चाकू अड़ाकर लूटने वाले दो बदमाशों को रांझी पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। तीसरा बदमाश फरार है। सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों में एक नाबालिग है। बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने 2500 रुपए, एक मोबाइल, दो बाइक और वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त किया है।

आमानाला रांझी निवासी भागीरथ चौधरी अधिवक्ता हैं। 30 अक्टूबर की रात 11 बजे वह तहसीली चौक से काम निपटा कर घर जा रहे थे। मस्ताना चौक बजरंग मंदिर के पास पहुंचे, तो दो युवकों ने रोक लिया। दोनों में एक ने उनकी गर्दन पर और एक ने पीठ पर चाकू अड़ा दिया। पर्स व मोबाइल निकालने के बाद दोनों अधिवक्ता को उसकी ही बाइक पर बीच में बिठाकर बजरंग नगर के आगे वीएफजे क्वार्टर तक ले गए थे। वहां अधिवक्ता को उतार कर उनकी बाइक एमपी 20 एमबी 4986 लेकर भाग गए थे।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
ASP अगम जैन ने बताया कि हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश के लिए CSP रांझी इसरार मंसूरी और TI आरके मालवीय को लगाया था। एक सीसीटीवी फुटेज में दोनों बदमाश कैद मिले। इसके आधार पर शुक्रवार को रिछाई में घेराबंदी की गई। मौके से सरकारी स्कूल रांझी के पास रहने वाले मोहित उर्फ मुत्ती और नाबालिग को पकड़ा गया। मोहित ने साथी लिटिल उर्फ पृथ्वी और नाबालिग के साथ मिलकर अधिवक्ता के साथ लूट की बात स्वीकारा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम