Site icon Yashbharat.com

जबलपुर मंडल के पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी एवं सतना स्टेशन से होकर चल रही किसान पार्सल ट्रेन

Jabalpur rail station

जबलपुर। जिले के कृषकों के कृषि उत्पादों के सुगम परिवहन हेतु भारतीय रेल द्वारा भारत की पहली किसान पार्सल स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन कम समय में उनके उत्पाद देश के विभिन्न भागों में पहुंचाकर किसानों को उचित लाभ एवं उचित दाम दिलवाने में सहायता करेगी।
यह जानकारी आज यहां जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में दी गई। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ प्रियंक मिश्रा, पश्चिम मध्य रेलवे के मंडल वाणिज्य प्रबंधक देवेश सोनी, उपसंचालक कृषि एसके निगम मौजूद थे।

बैठक में भारतीय किसान संघ महाकोशल प्रांत के संगठन मंत्री भरत पटेल सहित जिले के मटर उत्पादक, सिंघाड़ा उत्पादक, टमाटर उत्पादक, शिमला मिर्च एवं सब्जी उत्पादक किसानों सहित करीब 50 कृषक उपस्थित थे। मंडल वाणिज्य प्रबंधक देवेश सोनी ने बैठक में बताया कि जबलपुर मंडल से गुजरने वाली देवलाली-मुजफ्फपुर किसान पार्सल स्पेशल गाड़ी का संचालन किया जा रहा है। जबलपुर मंडल (डिवीजन) में यह गाड़ी सप्ताह में तीन दिन पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी एवं सतना स्टेशनों पर होकर गुजरती है इस गाड़ी में सभी नाशवान वस्तुओं (जैसे- फल, सब्जी, दूध आदि) के लदान एवं उतरान की सुविधा है। इस गाड़ी में कृषि उत्पादों के परिवहन भाड़े में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। किसान पार्सल स्पेशल गाड़ी में बुकिंग के लिए उपरोक्त स्टेशनों के पार्सल कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

देवेश सोनी द्वारा अवगत कराया गया कि 10 वैगन (10गुणा23=230 टन) पार्सल होने पर 50 प्रतिशत किराया में छूट होगी। एक से दो बैगन पार्सल पर कोई छूट नहीं होगी। साथ ही रेलवे द्वारा जिन रूटों पर ट्रेन चलाई जा रही है। प्राप्त माल होने की दशा में ट्रेनों में पार्सल बेन जोड़कर गंतव्य स्थान तक माल का परिवहन किया जा सकता है। मटर उत्पादक कृषक के पूछने पर बताया गया कि जबलपुर से मुंबई तक का भाड़ा राशि 280 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगा। किसान स्पेशल से यह दर 140 रुपए प्रति क्विंटल होगी। परिवहन के दौरान चढ़ाई उतरवाई के लिए रेलवे के अधिकृत ठेकेदारों के माध्यम से यह कार्य किया जावेगा।

कृषकों द्वारा बैठक में अवगत कराया गया कि ट्रक में मटर मुंबई तक परिवहन करने में 27 से 28 हजार की लागत आती है। कृषकों द्वारा बताया गया कि प्रदेश में सिहोरा मंडी, सबसे बड़ी सिंघाड़ा मंडी है यहां से सिंघाड़ा सीधे सोमनाथ भेजा जाता है।
श्री सोनी द्वारा अवगत कराया गया कि पार्सल बैगन पांच से छह मीटर लंबा तीन से चार मीटर चौड़ा होता है जिसमें 23 टन कैपेसिटी का माल ही लादा जाता है। बैठक में आम सहमति से यह तय किया गया कि कृषि उत्पादकों द्वारा एक व्हाट्सअप ग्रुप तैयार किया जाए। जिसमें रेलवे के देवेश सोनी, श्री गुप्ता, नीरज पाठक एवं सहभागी विभागों के अधिकारियों सहित हितग्राहियों को जोड़ा जाए। इस पोर्टल के माध्यम से सतत संपर्क में परिवहन समस्याओं का निराकरण किया जाए। साथ ही रेलवे वाणिज्य विभाग द्वारा पंपलेट के माध्यम से परिवहन संबंधी जानकारी हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जावें। किसानों के सुलभ संदर्भ एवं संपर्क हेतु रेलवे वाणिज्य विभाग के अधिकारियों द्वारा उनके संपर्क सूत्र एवं टोल फ्री नंबर 138 के अलावा मंडल प्रबंधक वाणिज्य (रेलवे) देवेश सोनी का मोबाइल नंबर 9752418952 है। जबकि नीरज पाठक का मोबाइल नंबर 97133524192 है। किसी भी स्थिति में किसान इनसे संपर्क कर सकते हैं

Exit mobile version