जबलपुर के नए वेटरनरी डिप्लोमा कॉलेज में प्रवेश की तैयारी, अनुमति का इंतजार
जबलपुर, वेटरनरी विश्वविद्यालय की सीमा में आने वाले डिप्लोमा कॉलेज की संख्या बढ़ाते हुए मंडला में नया वेटरनरी डिप्लोमा कॉलेज खोला जा रहा है। इसके लिए विवि और पशुपालन विभाग ने सभी तैयारी कर ली है।
यहां तक की पशुपालन विभाग ने इसके लिए एक करोड़ स्र्पये की राशि भी स्वीकृत कर दी है, लेकिन विवि को अभी तक मिली नहीं है। इस वजह से एक जनवरी से शुरू हो रहे डिप्लोमा कॉलेजों के नए सत्र से पहले होने वाली काउंसलिंग में इस बार इस कॉलेज की सीटों को शामिल किया जाएगा या नहीं, अभी तक यह तय नहीं हो सका है।
5 कॉलेज की 300 सीट
विवि के अंतर्गत जबलपुर, रीवा, महू, भोपाल और मुरैना में डिप्लोमा वेटरनरी कॉलेज संचालन हो रहा है। पशुपालन विभाग ने विवि को छठवां वेटरनरी डिप्लोमा कॉलेज मंडला में खोला है, जिसका संचालन विवि को ही करना है।
पांच कॉलेज की 300 सीटों के लिए अभी तक काउंसलिंग की जा रही थी, इस बार छठवें कॉलेज मंडला की सीटों को भी काउंसलिंग में शामिल किया जाना है, लेकिन राशि न मिलने की वजह से इस पर अभी भी संशय बना हुआ है। यदि स्वीकृति मिल जाती है तो इस बार 360 सीटों के लिए काउंसलिंग होगी।
प्रवेश परीक्षा से मिलेगी प्रवेश
डिप्लोमा कॉलेज में प्रवेश के लिए हर साल प्रवेश परीक्षा होती है। यह परीक्षा अभी तक जून माह में होती थी, लेकिन इस बार कोरोनाकाल की वजह से अभी तक नहीं हो सकी है। उम्मीद है कि नवंबर अंत तक यह परीक्षा हो सकती है, जिसके बाद दिसंबर में कालेज की सीटों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की जाएगी, ताकि एक जनवरी से शुरू हो रहे नए सत्र में प्रवेश दिया जा सके।
विनोद बाजपेयी, कुलसचिव, वेटरनरी विवि ने कहा कि मंडला में खुल रहे नए डिप्लोमा कॉलेज के लिए एक करोड़ स्र्पये की राशि स्वीकृत हुई है, लेकिन अभी तक नहीं मिली है। राशि मिलने के बाद ही कॉलेज शुरू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा।