jabalpurLatest

जन्मदिन पर वृद्धजनों का आशीर्वाद लेने वृद्धाश्रम पहुँचे कलेक्टर

जबलपुर – कलेक्टर भरत यादव ने आज अपना जन्मदिन उन वृद्धजनों के बीच मनाया जो अपनों की बेरुखी के कारण जीवन का शेष समय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा बाजनामठ के समीप संचालित वृद्धाश्रम में व्यतीत कर रहे है ।

वृद्धाश्रम पहुँचकर श्री यादव ने इन बुजुर्गों के साथ जन्मदिन का केक काटा और परिसर में पौधा रोपकर पर्यावरण के सरंक्षण का संदेश लोगों को दिया ।

जन्मदिन की खुशियां मनाने श्री यादव के वृद्धाश्रम पहुँचने की सूचना वृद्धाजनों को पहले ही मिल चुकी थी । उन्होंने वृद्धाश्रम पहुँचते ही कलेक्टर का स्वागत किया और एक स्वर में “तुम जियो हजारों साल, साल के दिन हो पचास हजार” गीत गाकर श्री यादव को जन्मदिन की बधाई दी ।

उन्होंने अपने हाथों से बनाये उपहार भी कलेक्टर को सौंपे ।  कलेक्टर ने जन्मदिन पर वृद्धजनों को वस्त्र और फल प्रदान किये तथा उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना भी की ।

Back to top button