jabalpur

जनआशीर्वाद यात्रा में स्वागत मंच लगाने लगी होड

जबलपुर। रविवार को उत्तर मध्य विधानसभा में यात्रा के स्वागत के सिलसिले में बैठक हुई। राज्यमंत्री शरद जैन और नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत मंच, मार्ग और अन्य जरूरी बिंदुओं पर बात की। इस विधानसभा में कई नेता टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं। हर कोई अपना मंच लगाने की होड़ में है। आचार संहिता की वजह से एक-एक मंच की अनुमति लेनी होगी।
इसलिए संगठन ने पहले से ही सभी से सूची मांगी है। पूरे शहर में करीब 65 से ज्यादा मंच लगाने का प्रयास हो रहा है। मोर्चा पदाधिकारी अलग मंच लगा रहे हैं। ऐसे में उनके कार्यकर्ताओं को भी मंडल अध्यक्ष अपने साथ आने का दबाव बना रहे हैं। वहीं मोर्चा के मुखिया के साथ खड़ा करना चाहते हैं। इस दुविधा को लेकर कई कार्यकर्ताओं ने नगर संगठन से इस संबंध में बात भी की। उत्तर और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा संख्या में दावेदार स्वागत मंच लगाकर मुख्यमंत्री के स्वागत को भव्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। ये सभी टिकट की चाह लेकर मंच लगाना चाहते हैं। उत्तर विधानसभा में बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री शरद जैन ने कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ऐसे जन नेता हैं जिनकी लोकप्रियता घर-घर तक है और उन्होंने हर वर्ग के लाभ की चिंता करते हुए उनके उत्थान की योजना बनाई है। बैठक का संचालन नगर उपाध्यक्ष आनंद मिश्रा ने किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 25 अक्टूबर को जबलपुर में जन आशीर्वाद यात्रा निकालेंगे। यात्रा में भीड़ लाना टिकट के दावेदारों के लिए अहम् होगा। संगठन से टिकट का आशीर्वाद लेने के लिए दावे दारों में स्वागत मंच लगाने की होड़ मची हुई है। इधर कार्यकर्ता दुविधा में हैं कि मौजूदा विधायकों के साथ खड़े हों या दावेदारों के साथ।
मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा 25 अक्टूबर को जबलपुर पहुंचेगी। तारीख के साथ यात्रा की तैयारी के सिलसिले में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा शनिवार को जबलपुर आए। सबसे पहले विधायक और वरिष्ठ नेताओं की बैठक ली। उन्होंने साफ कहा कि रैली में किसी भी तरह से भीड़ कम नहीं दिखनी चाहिए। चुनाव के दौर में भीड़ से सरकार के पक्ष में माहौल बनेगा। जिस विधानसभा क्षेत्र से सीएम की यात्रा गुजरेगी वहां की भीड़ से विधायक की लोकप्रियता का आंकलन होगा। इसलिए तैयारी पूरी शिद्दत के साथ करें।
नेताओं को बताया कि मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा सिहोरा से प्रारंभ होगी। जबलपुर के कैंट और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में दो सभाएं मुख्यमंत्री लेंगे। उन्होंने पार्टी नेता और विधायकों को यात्रा की तैयारी पूरी ताकत के साथ करने के निर्देश दिए।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply