Latestराष्ट्रीय

चौंकाने वाली है सोशल मीडिया पर ISI एजेंट निशांत की सक्रियता, उड़ती रही तमाम अफवाहें

 

रुड़की। ब्रह्मोस मिसाइल से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप में पकड़े गए रक्षा वैज्ञानिक निशांत की सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सक्रियता चौंकाने वाली है। उसके फेसबुक पर 1709 मित्र व 382 फॉलोअर हैं। इसमें से तीन सौ के करीब तो रुड़की से ही हैं।

आमतौर पर वैज्ञानिकों का सामाजिक दायरा बेहद सीमित होता है। मगर इससे उलट निशांत तो अपनी हर गतिविधि को सोशल मीडिया पर शेयर करता था। वह चाहे रक्षा से जुड़ी गतिविधि ही क्यों न रही हो। माना तो यह भी रहा है कि पाकिस्तानी एजेंसी के चंगुल में आने में उसकी यह गतिविधि सबसे बड़ा कारण रही है।

सूत्रों का कहना है कि निशांत हनी टै्रप का शिकार हुआ, यदि ऐसा तो उसके फेसबुक से लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की जा रही गतिविधि को ही जिम्मेदार माना जा सकता है।

हर रोज अपडेट करता था स्टेटस

सोशल मीडिया पर निशांत की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने मई में मॉरीशस की यात्रा की। उसकी पूरी जानकारी, फोटो फेसबुक पर साझा कीं। जन्मदिन हो या फिर बहन, पत्नी के साथ उसकी यात्रा, समय-समय वह फेसबुक पर अपडेट करता रहता था।

उड़ती रही तमाम अफवाहें

फेसबुक पर निशांत के खिलाफ टिप्पणी भी शुरू हो गई हैं। कई लोगों ने उस पर सवाल भी उठाए है। इसी बीच किसी ने अफवाह फैला दी कि निशांत के घर पर किसी ने पथराव कर दिया है। जिस पर पुलिस अधिकारियों के कान खड़े हुए है। एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने बताया कि किसी ने अफवाह फैलाई है।

कुरुक्षेत्र के दोस्त भी रडार पर

खुफिया एजेंसी को इस बात की जानकारी मिली है कि निशांत के संपर्क में रुड़की के एक या दो युवक लंबे समय से रहे हैं। वहीं उसका फ्रेंड सर्कल कुरुक्षेत्र में भी हो सकता है। पुलिस सूत्रों की मानें तो उसके बैच के पास आउट हो चुके दोस्तों से भी जानकारी जुटाई जा सकती है। निशांत ने एनआइटी कुरुक्षेत्र में 2009 में प्रवेश लिया था। 2013 में वह पास आउट हुआ था।

 

जासूसी प्रकरण में एटीएस काम कर रही है। यदि एटीएस से इस संबंध में कोई जानकारी मांगी जाएगी, तो उसे साझा किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर कनेक्शन सामने आने के बाद उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

-अशोक कुमार, एडीजीपी लॉ एंड आर्डर, उत्तराखंड

Leave a Reply

Back to top button