चुनावी तैयारियों के बीच एक्टिव मोड पर पुलिस : शहर में किया फ्लैग मार्च, अपराधिक तत्वों पर पैनी निगाह
कटनी। शहर में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिले की पुलिस एक्टिव मोड पर आ गई है। चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक मिथलेश शुक्ला के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा धरपकड़ भी तेज कर दी गई है। आदतन अपराधियों का जिलाबदर करने के साथ असामजिक तत्वों की गतिविधियों पर पैनी निगाह रखी जा रही है। शहर और ग्रामीण अंचल क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला पुलिस द्वारा कोतवाली थाने से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैगमार्च का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय मनोज वर्मा ने किया। फ्लैग मार्च कोतवाली थाना तिराहा, सुभाष चौक, झंडाबजार, शेर चौक, आजाद चौक, चांडक चौक, घंटाघर, गर्ग चौराहा, बरही रोड, स्टेशन चौराहे से वापस कोतवली पहुंचकर समाप्त हुआ। फ्लैग मार्च में कोतवाली मोबाइल, कुठला मोबाइल, एनकेजे मोबाइल, माधवनगर मोबाइल पायलेट वाहन आगे चल रहा था। इसके पीछे अधिकारी और पुलिस बल के जवान फ्लेग मार्च में शामिल रहे। सबसे पीछे खुली पायलेट वाहन में गनमैन सवार रहे। इस दौरान कोतवाली थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा, कुठला थाना प्रभारी विपिन सिंह, माधवनगर प्रभारी डीएसपी मनमोहन बघेल, आरआई राघवेंद्र द्विवेदी, एनकेजे प्रभारी मंजू शर्मा की उपस्थिति रही।








