Site icon Yashbharat.com

चार दिन के फ़ीडबैक के बाद संघ ने जताया BJP सरकार का भरोसा

rss

भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद अब भाजपा और संघ दोनों ही मैदानी फीडबैक लेने में जुटे हैं। मतदान के बाद भाजपा के सभी नेता सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन अंदर ही अंदर हर सीट पर गुणा-भाग कर परिणाम का अंदाजा लगाने में जुटे हैं। मतदान के बाद लगातार चार दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मैदानी फीडबैक लिया है और इससे भाजपा को भी अवगत कराया है।
फीडबैक के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी भी अब दावा करने की स्थिति में आ गए हैं कि बीजेपी सरकार बन रही है ।
गौरतलब है कि संघ ने आखिरी चार दिनों में भाजपा के चुनावी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आखिरी चार दिन में करीब 65 सीटों पर संघ के कार्यकर्ताओं की कई टीम चुनाव अभियान में झोंकी गई थी।

संघ के इन कार्यकर्ताओं ने इन सीटों पर नाराज चल रहे पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को मनाने के साथ चुनावी मैनेजमेंट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इन कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य लोगों से फीडबैक लेने के बाद संघ भी नतीजों को लेकर आश्वस्त नजर आ रहा है।

दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पिछले कुछ दिनों में कई मंत्रियों से मुलाकात कर उनकी और आसपास की सीटों पर फीडबैक लिया है। कई मंत्रियों ने अपनी सीट पर हुए भितरघात को लेकर भी मुख्यमंत्री और प्रदेश संगठन से शिकायत की है।

होशंगाबाद से चुनाव लड़े विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा सहित विजय शाह जैसे मंत्री के अलावा कुछ विधायकों और सांसदों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी सीट का फीडबैक दिया है। संघ से फीडबैक लेने के बाद भाजपा संगठन भी चुनाव परिणामों को लेकर भरोसा जता रहा है।

Exit mobile version