Site icon Yashbharat.com

चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामला: विकास बराला को हाईकोर्ट से मिली जमानत

vikas barala

चंडीगढ़। चंडीगढ़ में आईएएस अधिकारी की बेटी वर्णिका कुंडू से छेड़छाड़ मामले में मुख्य आरोपी विकास बराला को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। विकास बराला अौर उसके दोस्त पर वर्णिका से छेड़छाड़ अौर अपहरण करने की कोशिश का मामला दर्ज था। विकास करीब 5 महीनों के बाद जेल से बाहर आएगा। विकास बराला की जमानत अर्जी जिला अदालत में कई बार खारिज हो गई थी और इसके बाद उसने हाईकोर्ट में याचिका दी थी।

उल्लेखनीय है कि विकास बराला और उसके साथी आशीष पर 4 अगस्त पर हरियाणा के सीनियर आईएएस वीएस कुंडू की बेटी वर्णिका कुंडू से छेड़छाड़ का आरोप है। दोनों पर शराब के नशे में पीछा करने, छेड़छाड़ करने और अपहरण के प्रयास के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। मामले ने जब तूल पकड़ा तो विकास और आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया था। विकास बराला हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष सुभाष बराला का बेटा हैं। पीड़ित वर्णिका के मुताबिक सेक्टर-7 से ही आरोपी उसका पीछा कर रहे थे और बीच रास्ते में कई बार अपनी गाड़ी को उसके आगे करके उसकी खिड़की पर भी हाथ मारा था।

विकास बराला ने हाईकोर्ट का रुख करने से पहले ट्रायल कोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी लेकिन, उसे कोर्ट द्वारा खारिज कर दिया गया था। विकास बराला और उसके दोस्त आशीष को हाइप्रोफाइल छेड़छाड़ प्रकरण में 9 अगस्त को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

वहीं मामले में अब तक वर्णिका कुंडू का क्रॉस एग्जामिनेशन हो चुका है। अगली सुनवाई 23 जनवरी को होगी। उस दिन वर्णिका के पिता और हरियाणा कैडर के आईएएस वीएस कुंडू के बयान दर्ज किए जाएंगे।

Exit mobile version