मामूली विवाद पर युवक पर दिनदहाड़े किया प्राणघातक हमला
जबलपुर। घर में घुसकर मारेगें मेरा कोई कुछ बिगाड़ नही पाएगा, मेरा बाप बहुत पैसे छोड़कर गया है। ये डायलॉग फिल्मी नहीं बल्कि रांझी थानाक्षेत्र के बेलगाम तत्वों के हंै। जिसमें होटल में खाना खाने के दौरान रात में छोटी सी बात पर हुए विवाद का बदला तीन युवकों ने दूसरे दिन एक युवक को दिनदहाड़े चाकू मारकर लिया। जांघ में 8 इंच तक चाकू घुसने के कारण युवक को गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे रांझी के मड़ई क्षेत्र की है। पहले से हमले की तैयारी में बैठे आदित्य अमन बेन, शिव पटेल उर्फ बाबू ने दिव्यांशु के आते ही बेसबॉल और धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें दिव्यांशु बुरी तरह घायल हो गया। घायल युवक का इलाज मेडिकल अस्पताल में किया जा रहा है। रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
बुधवार रात होटल में हुआ विवाद
घायल युवक बिलपुरा कॉलोनी निवासी दिव्यांशु सिंह (21) ने बताया कि बुधवार रात वह कुछ दोस्तों के साथ सिविल लाइंस स्थित एक होटल में खाना खाने गया था। उसके एक दोस्त का परिचित व्हीकल निवासी आदित्य रजक भी उन्हीं के साथ भोजन कर रहा था। भोजन के दौरान उसका पैर आदित्य के पैर से टकरा गया, जिससे उसकी पैंट में धूल लग गई। उसने इस गलती के लिए माफी मांगी, लेकिन आदित्य इस जिद पर अड़ गया कि वह पैंट की धूल साफ करे। दोस्तों ने बीच बचाव किया और भोजन के बाद सभी अपने-अपने घर चले गए।
बात करने बुलाया और किया हमला
बुधवार रात हुई घटना के बाद गुरुवार दोपहर 12.30 बजे आदित्य ने दिव्यांशु को फोन किया कि वह मिलना चाहता है। हालांकि मिलने का समय व स्थान तय नहीं हो पाया। डेढ़ घंटे बाद करीब 2 बजे दिव्यांशु बाजार से घर लौट रहा था। वह मड़ई तक पहुंचा था कि तभी आदित्य कार से पहुंचा और उसे रास्ते में रोक लिया। कार में अमन बेन, शिव पटेल उर्फ बाबू भी सवार थे। तीनों ने उस पर पंच, बेसबॉल व चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस की तत्परता से टली बढ़ी घटना
रांझी पुलिस को जैसे ही मारपीट की सूचना मिली उसने तत्काल मौके पर पहुंची दिव्यांशु की हत्या के इरादे से हमला कर रहे युवक पुलिस को देखकर कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों का कहना है कि अगर पुलिस मौके पर नही आती तो एक बड़ी घटना घटित हो जाती।
वर्जन
घटना की जानकारी लगने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी पुलिस को देखकर आरोपी युवक भाग निकले जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मामला 324,305 सहित धाराओं में दर्ज किया गया है और पुलिस युवक की मुलाहिजा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
-मनजीत सिंह, थानाप्रभारी रांझी
