Site icon Yashbharat.com

ग्वालियर के मुर्दाघर में हुई मृतकों की अदला-बदली, गलत शव का कर दिया अंतिम संस्कार

yashbharat news

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में शव की अदला-बदली का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों ने लापरवाही करते हुए दो शवों में से एक शव को परिजनों को सौंप दिया। वहीं गलत शव लेने वाले परिवार ने भी अपने रिश्तेदार का शव समझकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना हाल ही में गजरा राजा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुई और यह मामला तब सामने आया जब दूसरा परिवार अपने रिश्तेदार का शव लेने अस्पताल पहुंचा। पुलिस के अनुसार, दोनों मरीजों की अलग-अलग बीमारियों की वजह से मौत हुई और कोविड -19 की जांच भी निगेटिव आई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सतेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मुरैना निवासी इरताज मोहम्मद (64) को 11 अगस्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। 13 अगस्त को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल ने कोविड-19 जांच की रिपोर्ट न आने के कारण शव परिजनों को नहीं सौंपा।

अस्पताल के कर्मचारियों ने परिवार को बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही शव सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को परिजनों के मुर्दाघर में शव लेने पहुंचने पर उन्होंने पाया कि इरताज का शव दूसरे परिवार को सौंप दिया गया है। बाद में, परिजन कंपू पुलिस स्टेशन पहुंचे और अधिकारियों को इसके बारे में बताया। एएसपी ने बताया कि इस बीच, 13 अगस्त को इसी अस्पताल में शहर के बहोड़ापुर निवासी सुरेश बाथम (70) की भी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि अस्पताल के मुर्दाघर के कर्मचारियों की लापरवाही से शवों की अदला-बदली हो गई और इरताज के शव को बाथम के परिवार को सौंप दिया गया।

कंपू पुलिस स्टेशन के प्रभारी केएन त्रिपाठी ने बताया कि बाथम के परिवार ने पॉलीथीन में लिपटे हुए शव का बिना चेहरा देखे अंतिम संस्कार कर दिया था। उन्होंने बताया कि घटना के सामने आने के बाद, बाथम के शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

हालांकि, इरताज के परिजनों ने रविवार को कंपू पुलिस स्टेशन और अस्पताल में हंगामा करते हुए कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने बताया कि एक सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) शवों की अदला-बदली के मामले की जांच करेगा।

Exit mobile version