Site icon Yashbharat.com

सप्ताह में तीन दिन चलने वाली इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा EXP अब रोजाना चलेगी : रेल मंत्री

piyush goyal11 2018416 19116 16 04 2018

भोपाल। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ऐलान किया है कि इंदौर से कटनी होकर हावड़ा के बीच सप्ताह में तीन दिन चलने वाली क्षिप्रा एक्सप्रेस अब प्रतिदिन चलाई जाएगी। इस ट्रेन में पेंट्री कार की सुविधा भी शुरू होगी। उन्होंने कहा कि रेलवे में काफी सुधार हुआ है लेकिन हम विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए संकल्पबद्ध हैं। गोयल यहां रेल सप्ताह राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे।

विधानसभा के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने भी संबोधित किया। रेलमंत्री गोयल ने कहा कि 13 लाख कर्मचारियों में काम करने की अद्भुत क्षमता है, रेलवे पर पूरे देश को गर्व है। हमें अपनी सेवाएं सुधारने के लिए नए आइडिया और ढंग ईजाद करने होंगे। उन्होंने बताया कि बचपन में यात्रा के दौरान रेलवे के भोजन, कटलेट्स, टोस्ट और चाय में जो स्वाद मिलता था वह अब नदारद है। हमें फिर से वही आत्मीयता, सद्व्यवहार और सुरक्षा का माहौल देना होगा। स्टेशन व ट्रेन में सफाई, सुरक्षा, साफ-सुथरा वातावरण, शौचालय ठीक रहें और यात्री कैसे खुश रहें हमें इस पर फोकस करना है।

दोबारा न हो पुखरावा जैसी घटना 

सिन्हा ने कहा कि कर्मचारी भयमुक्त होकर काम करें, मैदानी रिपोर्ट निर्भय होकर भेजें ताकि व्यवस्थाओं में सुधार हो सके। काम की प्राथमिकता तय करें, उन्होंने पिछले दिनों पुखरावा (उप्र) स्टेशन के पास हुई दुर्घटना और इटारसी ट्रेक पर काम की धीमी रफ्तार पर भी आपत्ति ली, बोले-ऐसा दोबारा नहीं होना चाहिए। पहले से पुख्ता तैयारियां जरूरी हैं। पिछले पांच वर्षों के प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में रेलकर्मी जिस जुनून से काम करते हैं ऐसा कहीं देखने को नहीं मिलता।

रेलवे हमारी ताकत

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि रेलवे देश को जोड़ने का काम करती है। यह हमारी बड़ी ताकत है, गांधीजी भी रेल में ही सफर करते थे। रेल यात्रा जैसा आनंद हवाई जहाज के सफर में भी नहीं। उन्होंने बताया कि पहले केन्द्र की ओर से रेलवे सुविधाएं विकसित करने 400 करोड़ रुपए मिलते थे मौजूदा सरकार ने बजट में 6 हजार करोड़ का प्रावधान किया है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी लोहानी ने रेलवे एवं पुरस्कार समारोह का ब्योरा दिया। इस मौके पर विभिन्न श्रेणियों में देश भर के 190 रेल अधिकारी/कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।

Exit mobile version