खंडवा। क्योंकि पढ़ाई की न कोई उम्र न ही कोई सीमा या बंधन होता है। तभी तो मध्यप्रदेश की खंडवा जिला पंचायत अध्यक्ष कंचन मुकेश तनवे समाजकार्य पाठ्यक्रम से स्नातक करने के लिए परीक्षा Exam दे रही है। यह परीक्षा ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट द्वारा आयोजित की गई है। साथ में जनपद सदस्य मगन सिंह बर्डे, सरपंच सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष विजय सनावा, बैंककर्मी राजू सैनी, अजय बरकने और सुनीता बरकने आदि उत्साह से परीक्षा दे रहे है।
परीक्षार्थी के रूप में पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष तनवे ने कहा कि शिक्षा की कोई उम्र नहीं होती है। हमारे जीवन में शिक्षा का बहुत बड़ा महत्व है। बालिकाओं व युवाओं की यदि पढ़ाई छूट गई है तो आगे पढ़ाई मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम समाजकार्य स्नातक पाठ्यक्रम के माध्यम से निरंतर जारी रख सकते है।
उन्होंने कहा कि मैंने विद्यार्थी जीवन में केवल आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई की थी। ससुराल पक्ष से सहयोग मिला और आगे भी पढ़ाई का महत्व समझा और अपने पारिवारिक दायित्वों को पूरा करते हुए जनपद अध्यक्ष रहते हुए कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की। अब जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर रहते हुए समाजकार्य विषय में स्नातक के लिए परीक्षा देने आई हूं।

