Site icon Yashbharat.com

कोविड से बचाव की तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की बैठक, कलेक्टर ने दिए ये निर्देश

IMG 20201118 WA0011

जबलपुर। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में आज कोरोना के द्वितीय लहर की संभावना व उससे बचाव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सभागार में बैठक आयोजित की गई।

इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिले के समस्त ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर उपस्थित थे। कलेक्टर शर्मा ने कहा कि कई शहरों में कोरोना की सेकंड लहर की प्रवृत्ति देखने को मिल रही है इसलिए दूसरी लहर से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार रहे।

सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ले। उन्होंने बैठक के दौरान ही वेबीनार से अनुभाग स्तर के अधिकारियों से वृद्ध जन सुरक्षा अभियान की प्रगति के बारे में जानकारी लेकर कहा कि ठंड व त्यौहार के सीजन में कोविड-19 बढ़ने की संभावना है अतः अभी से इससे बचाव व सुरक्षा के लिए डोर टू डोर बुजुर्गों का सर्वे कर ले और 50 से अधिक आयु वर्ग तथा कोमोरबिडिटी की पहचान सुनिश्चित कर लें और यदि कोई वृद्ध कोमोरबिडिटी है तो उन्हें होम आइसोलेशन में रहने की सलाह ना दें।

उनका उचित उपचार समय पर कर लिया जाये। क्योंकि ठंड बढ़ने के साथ-साथ को कोविड की संक्रामकता भी बढ़ सकती है। यदि कोई बुजुर्ग डायबिटिक, हाइपरटेंशन या बीपी वाले हैं तो उनकी स्वास्थ्य की जटिलता बढ़ जाती है उन्होंने कहा कि गंभीर कम्पलीकेशन से बचाना और जनहानि रोकना ही मुख्य उद्देश्य है।

अतः वृद्धों के सर्वे करने में देरी ना करें इसके साथ-साथ जहां पहले केस आ चुके हैं उस क्षेत्र में डोर टू डोर सर्वे कर कोविड की जांच करें। कलेक्टर शर्मा ने कहा कि यदि प्रभावी रूप से सभी लोग कोविड की रोकथाम की दिशा में काम करेंगे तो निश्चित ही कोविड के पीक होने की स्थिति को रोक सकते हैं। उन्होंने कहा फीवर क्लीनिक में यदि कोई बीमार व्यक्ति आते हैं तो उनकी जांच अवश्य करें और जिन घरों में त्यौहार के दौरान दूसरे बड़े -बड़े शहरों से उनके परिजन आए और चले गए, उन घरों को चिन्हित कर वहां जांच करें, उनके सैंपल ले।

विशेष रूप से उन्होंने कहा कि दुकानदार और वृद्धजनों पर फोकस करें क्योंकि यदि कोई दुकानदार संक्रमित होता है तो वह कई लोगों को संक्रमित कर सकता है तथा वृद्ध जनों को संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। उन्होंने युवाओं से भी कहा कि वे बाहर से आकर बिना स्वच्छता के मापदंड अपनाए सीधे वृद्धजनों के संपर्क में ना आएं क्योंकि कहीं ऐसा ना हो कि उनके संपर्क से वृद्धजन संक्रमित हो जाए।

युवा स्वयं के साथ अपने परिवार के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें ।कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि कोविड से व्यक्ति की मौत को रोकना मुख्य उद्देश्य है अतः इस दिशा में सामूहिक रूप से सभी को स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए काम करे।

बैठक में एपीडोमोलॉजिस्ट डॉ. अमृता अग्रवाल की अनुपस्थिति पर कलेक्टर श्री शर्मा ने उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र के साथ एक दिन का वेतन काटने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।

Exit mobile version