Site icon Yashbharat.com

कैमोर: मारपीट में जख्मी प्रौढ़ की इलाज के दौरान मौत

Untitled 2

कैमोर। कैमोर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी मझगवां में बीते 26 मई को मारपीट की वारदात में जख्मी अच्छेलाल विश्वकर्मा की बीती रात जबलपुर में उपचार दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने धारा 307 बढ़ाते हुए 18 जून को भी आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हत्या के प्रयास का यह मामला अब हत्या के अपराध में तब्दील हो जाएगा।

इस घटना को लेकर पुलिस कार्यवाही एवं जख्मी अच्छेलाल विश्वकर्मा का मुलाहिजा करने वाले चिकित्सक पर भी सवाल उठाये जा रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवरी मझगवां निवासी प्रौढ़ अच्छेलाल विश्वकर्मा से पानी चालू कराने को लेकर ग्राम में ही रहने वाली महिला गायत्री गर्ग से विवाद हो गया था। जिस पर उसके पुत्र लवकुश गर्ग एवं पवन गर्ग ने अच्छेलाल विश्वकर्मा के साथ मारपीट की थी। मारपीट में लाठी-डंडों का भी उपयोग हुआ था।

बताया जा रहा कि इस मारपीट में अच्छेलाल विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया था पर चिकित्सक द्वारा मुलाहिजे में किसी घातक चोट का उल्लेख नहीं किये जाने पर पुलिस ने मारपीट की साधारण धाराओं के तहत आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया था। यह भी बताया जा रहा कि गायत्री गर्ग ने पहले से ही पुलिस थाने पहुंचकर इसकी झूठी शिकायत की थी जिसके चलते पुलिस ने जख्मी अच्छेलाल विश्वकर्मा के विरूद्ध भी मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस की इस कार्यवाही को लेकर ग्रामीणों में खासी नाराजगी व्याप्त थी।
ग्रामीणों ने किया था चकाजाम
पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार भी नहीं किया जा रहा था। असंतोष इतना गहराया कि पिछले सप्ताह ग्रामीणों ने ग्राम के मुख्य मार्ग पर धरना प्रदर्शन कर आवागमन रोक दिया। चकाजाम की जानकारी लगने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा बुझाकर धरना समाप्त करवाया। अच्छेलाल विश्वकर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया और धारा बढ़ाते हुए आरोपियों के विरूद्ध धारा 307 के तहत भी अपराध दर्ज कर लिया। बीते 18 जून को आरोपी लवकुश गर्ग और पवन गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिन्हें न्यायालय में पेश किये जाने पर जेल भेज दिया गया है।

देवरी मझगवां में तनाव
ग्रामीणों से मिली खबर के अनुसार जबलपुर में उपचार करा रहे अच्छेलाल विश्वकर्मा की कल रात मौत हो गई है। इस मामले में अब धारा 307 के बाद धारा 302 लगाये जाने की भी स्थिति बन गई है। अच्छेलाल की मौत की खबर आने के बाद से ही देवरी मझगवां में तनाव की स्थिति है। खबर लिखे जाने तक अच्छेलाल का शव गांव नहीं पहुंचा था। शव ग्राम आने के बाद आंदोलन की स्थिति निर्मित हो सकती है। हालांकि आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिये जाने से मामले की आग को पुलिस ने ठंडा कर दिया है। फिर भी पुलिस द्वारा पूर्व में बरती गई लापरवाही को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

Exit mobile version