कैमोर के ACC स्कूल ने पूरा किया 100 साल का सफ़र, अडानी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ प्रीति अडानी के आतिथ्य में कल भव्य समारोह
कैमोर। (राजा दुबे) कैमोर स्थित ACC स्कूल ने अपनी शैक्षणिक यात्रा के सौ साल सफलता और अनेक उपलब्धियों के साथ पूरे कर लिए हैं। अब से ठीक 100 साल पहले 1923 में सीमेंट प्लांट के शुभारंभ के साथ ही दो आवासीय कमरों से शुरू हुआ यह प्राथमिक स्कूल अब 50 से भी अधिक कमरों वाला हायरसेकंडरी स्कूल का रूप ले चुका है।
शताब्दी समारोह कल,अडानी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ प्रीति अडानी होंगी चीफगेस्ट
यहां से शिक्षा प्राप्त करके निकले विद्यार्थी शासकीय और निजी क्षेत्रों में उच्च पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे। हर साल यहां का कोई न कोई विद्यार्थी जिला,संभाग और प्रदेश की मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त करता चला आ रहा। कुछ साल पहले यहीं 10 वीं के छात्र शिवम दुबे प्रदेश की मेरिट में पहले स्थान पर रहे।
समारोह में पूर्व छात्रों में अंतरिक्ष वैज्ञानिक मेघा भट्ट, अंतराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी संजय मिश्रा सहित अनेक प्रतिभाएं शामिल होंगी
एसीसी ग्रुप पर अडानी ग्रुप का स्वामित्व हो जाने के बाद इस विद्यालय के संचालन की जिम्मेदारी अडानी फाउंडेशन ने ले ली है। फाउंडेशन की चेयरपर्सन अडानी ग्रुप के मुखिया गौतम अडानी की पत्नी डॉ प्रीति अडानी हैं।
स्कूल के 100 वें स्थापना दिवस पर शताब्दी समारोह का आयोजन कल 29 दिसम्बर शुक्रवार को एसीसी जिमखाना क्रिकेट मैदान में किया जा रहा। डॉ प्रीति अडानी समारोह की मुख्य अतिथि होंगी। वे विशेष विमान से कल सुबह जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेगी जहां से कार द्वारा कैमोर आएंगी।
इस अवसर पर एसीसी स्कूल भवन की मरम्मत, रंगाई ,सफाई आदि के बाद वाल पेंटिंग एवं बिजली की रंगीन रोशनी से आकर्षक साज सज्जा की गई है।
समारोह में लगभग सैकड़ों की संख्या में पूर्व छात्र – छात्राएं भी शामिल होने कैमोर पहुंच रहे। जिनमें चन्द्रयान अंतरिक्ष अभियान का हिस्सा रहीं वैज्ञानिक मेघा भट्ट,,भारतीय बैडमिंटन एसोशिएशन के जनरल सेकेट्री अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी संजय मिश्रा, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय बायो विभाग की डीन डॉ करुणा वर्मा, एशिया के सबसे बड़े सौर ऊर्जा प्लांट के डायरेक्टर रहे श्याम सुंदर गौतम,अडानी पॉवर के जनरल मैनेजर रहे सुनील अवस्थी,सुप्रसिद्ध गायिका नंदिता ज्योति जैसी अनेक हस्तियां अपने स्कूल के शातब्दी समारोह में शामिल होने कैमोर पहुंच रहीं।
समारोह कल 11 बजे से प्रारंभ होगा।
स्कूल की पत्रिका के विमोचन
इस अवसर पर स्कूल की पत्रिका के विमोचन के अलावा सबसे बुजुर्ग पूर्व छात्रों का सम्मान किया जाएगा। स्टार्स ऑफ स्कूल का गौरव हासिल करने वाले पूर्व प्रतिभाशाली छात्र – छात्राओं को भी स्मृति चिन्ह और अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
अडानी एसीसी सेंट्रल के सीएमओ एवं स्कूल कमेटी के चेयरमैन वैभव दीक्षित के मार्गदर्शन में एच आर क्लस्टर हेड एच पी सिंह,अमेहटा प्लांट के हेड अतुल दत्ता अडानी फाउंडेशन हेड एनेट विश्वास तथा स्कूल के प्राचार्य सुधांशु मिश्रा ने अथक परिश्रम कर समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।