भोपाल। भाजपा शासित केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किसान विरोधी बिल लाए जाने के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल द्वारा 28 दिसम्बर से देशभर में शुरू किसान संघर्ष यात्रा की शुरूआत मध्यप्रदेश में भी कर दी गई है। इस यात्रा को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी भाई देसाई ने वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से संगठन के प्रमुख राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ यात्रा की समीक्षा की।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस वेब मीटिंग में मध्यप्रदेश की ओर से संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश पाण्डे व हरिशंकर राय, प्रदेश मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ संदीप सबलोक महिला ब्रिगेड अध्यक्ष राजकुमारी रघुवंशी तथा यंग ब्रिगेड अध्यक्ष धर्मेंद्र भदोरिया ने हिस्सा लिया। बैठक का संचालन राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर किरण मोरस ने किया।
कांग्रेस सेवादल की वेब मीटिंग को संबोधित करते हुए सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई ने कहा कि सेवादल का जन्म ही अंग्रेजी सत्ता द्वारा देश के कमजोर वर्ग से अन्याय और शोषण के खिलाफ लड़ाई के लिए हुआ था। आज देश की हुकूमत एकबार फिर ब्रिटिश हुकूमत की तर्ज पर अन्नदाता किसानों को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने की साजिश कर रही है।
इस साज़िश के खिलाफ जन जागृति लाने का बीड़ा सेवादल ने उठाया है। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लाए गए 3 काले कानूनों से देशभर का अन्नदाता किसान अपने शोषण को लेकर भयभीत और आतंकित है। काले कानून के रूप में लाए गए इन बिलों के द्वारा भाजपा की मोदी सरकार देश के अन्नदाता किसानों और उनकी उपज को कुछ पूंजीपतियों के हाथो में बेचकर उन्हें उनका गुलाम बनाने जा रही है।
कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालजी भाई देसाई ने वेब मीटिंग के माध्यम से कहा कि भाजपा सरकार की इस साजिश के खिलाफ सेवादल और कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस 28 दिसम्बर से देशभर में किसान संघर्ष यात्रा शुरू की गई है। किसानों की मांगों के समर्थन में शुरू की गई इन यात्राओं को हर जिले के गांव-गांव तक ले जाने की जिम्मेदारी प्रदेश और जिला इकाइयों की है।
इस संबंध में उन्होंने सेवादल के राष्ट्रीय पदाधिकारियों प्रदेश अध्यक्षों महिला एवं यंग ब्रिगेड अध्यक्षों प्रदेश प्रभारी सोशल मीडिया तथा प्रचार समन्वयको राष्ट्र निर्माण कार्यक्रम के राज्य महासचिवों व राष्ट्रीय तथा राज्य समन्वयकों की संयुक्त रूप से वर्चुअल मीटिंग ली।
मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह ने इस सम्बन्ध में कहा कि कांग्रेस सेवादल अन्नदाता किसानों की आवाज बनकर काम करेगा। कार्यकारी अध्यक्ष हरिशंकर राय ने मीटिंग में बताया कि विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में निकाली जाने वाली यात्रा बिल की खामियों को जन जन तक पहुंचाएगी।
कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश पांडे ने प्रदेश में 28 दिसंबर को प्रारंभ हुई किसान संघर्ष यात्रा को लेकर विस्तृत जानकारी दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल जी देसाई को उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश को 7 जोन में बांटकर आगामी 7 जनवरी से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से किसान संघर्ष यात्रा प्रारंभ होगी जो 20 जनवरी को भोपाल में वृहद कार्यक्रम के साथ समाप्त होगी।
मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रादेशिक मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ संदीप सबलोक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल जी देसाई को बताया कि सेवादल द्वारा मध्यप्रदेश में प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से किसान विरोधी काले कानून की विसंगतियों के बारे में आम जनता को बताया जा रहा है।
उन्होंने देशभर में निकाली जा रही किसान संघर्ष यात्रा में इन काले कानूनों की विषय वस्तु के रूप में MSP न्यूनतम समर्थन मूल्य कॉन्ट्रेक्चुअल फार्मिग स्टॉक लिमिट हटाने मंडियों को समाप्त कर ओपन मार्केटिंग जैसे प्रावधानों से कृषि और देश की अर्थवयवस्था पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी किसानों और आम जनता तक पहुंचाने की जरूरत को रेखंकित किया।
इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल जी देसाई ने डॉ सबलोक को एक संक्षिप्त ड्राफ्ट तत्काल तैयार कर उन्हें भेजने को निर्देशित किया।
सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल जी देसाई द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वर्चुअल मीटिंग में देश भर के राष्ट्रीय पदाधिकारि प्रदेश अध्यक्ष महिला और यंग ब्रिगेड अध्यक्ष मीडिया कोऑर्डिनेटर तथा अन्य प्रमुख पदाधिकारीयों ने शामिल होकर अपने अपने राज्यों में निकली जा रही किसान संघर्ष यात्रा के सम्बन्ध में जानकारी दी।
