Site icon Yashbharat.com

कांग्रेस में कलह, मंदसौर में मीनाक्षी नटराजन समर्थकों के इस्तीफे

hardeep13 23 05 2018

मंदसौर। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा बनाई गई समन्वय समिति में मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ लोकसभा का निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले एक नेता राजेंद्र कुमार गौतम को शामिल किए जाने के बाद मंदसौर कांग्रेस इकाई में कई नेताओं के तेवर बागी हो गए हैं। सोशल मीडिया पर मंदसौर और नीमच जिले में बड़ी संख्‍या में नटराजन समर्थकों के इस्‍तीफे की बात कही जा रही है। हालां‍कि इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

फेसबुक पर दो नेताओं के इस्तीफे के बाद कई ब्लॉक अध्यक्षों और नेताओं ने इस्तीफे दे दिए हैं। दूसरे पक्ष यानि गौतम के समर्थकों ने भी इस्तीफे देने की घोषणा की है। इस बारे में प्रदेश प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया से चर्चा करना चाही तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।

6 जून को किसान आंदोलन की बरसी को लेकर मंदसौर में जहां कांग्रेस संगठन तैयारियों में जुटा है, वहीं समितियों के गठन से पार्टी की एकता को झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली समन्वय समिति को लेकर कांग्रेस नेताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। समिति में राजेंद्र कुमार गौतम लिया गया है जो सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के नजदीकी बताए जाते हैं।

फेसबुक पर बागी तेवर

समिति के एलान के बाद मंगलवार की रात को ही मंदसौर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर और मंदसौर की महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष बबीता सिंह तोमर ने फेसबुक पर गौतम के खिलाफ बागी तेवर दिखा दिए। गुर्जर ने प्रदेश प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया के नाम लिखे पत्र को फेसबुक पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपने त्याग पत्र का खुलासा किया।

नटराजन के इस्तीफे की खबर फैली

नटराजन के समर्थकों के बागी तेवरों के बीच एक खबर उनके ही इस्तीफे की फैल गई। हालांकि जब नईदुनिया ने नटराजन से पूछा कि उन्होंने इस्तीफा दिया है या नहीं, तो उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि वो अपनी बात पार्टी फोरम पर रखेगी।

दोनों पक्षों से इस्तीफों की राजनीति

फेसबुक पर मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में बुधवार को 100 से अधिक समर्थकों ने फेसबुक, वाट्सएप पर ही इस्तीफे दे दिए। कुछ लोगों ने इस्तीफे पार्टी के प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया को भी भेजने का दावा किया है। मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग ने प्रदेश कांग्रेस डेलीगेट के पद से इस्तीफा दे दिया है। इधर राजेंद्रसिंह गौतम के समर्थन में भी कई नेताओं ने इस्तीफे दिए हैं।

इनका कहना है

मैं मई 2017 से ही कांग्रेस का सुपात्र सदस्य हूं। प्रदेश कांग्रेस ने ही सदस्य बनाया था।

– राजेंद्रसिंह गौतम, सदस्य, प्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति

Exit mobile version