कांग्रेस नेता कमल नाथ के उड़ते हेलीकॉप्टर के पंखों में फंसा झंडा, सुरक्षा में चूक
उज्जैन के महिदपुर में आज कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व सीएम कमलनाथ के हेलीकाप्टर के पास तक पहुंच गए थे। हवा से एक झंडा पंखे में आ गया जिससे यहां मौजूद सुरक्षा स्टाफ घबरा गया। एसपी ने कहा कि कहां पर चूक हुई इसकी जांच की जाएगी।
मध्य कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ सोमवार सुबह 10.30 बजे आमसभा को संबोधित करने महिदपुर पहुंचे। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हेलीपेड पर पहुंचे थे। इनमें से कई लोगों के हाथ में पार्टी के बड़े-बड़े ध्वज थे। तेज हवा के कारण एक झंडा हेलीकाप्टर से टकरा गया।
बाल बाल बचे नही हुआ कोई हादसा
गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। बाद में वहां मौजूद सुरक्षाबल ने लोगों को हटाया। एएसपी आकाश भूरिया ने बताया कि कुछ कार्यकर्ता हेलीकाप्टर के पास तक पहुंच गए थे। एक झंडा पंखे में आ गया था। कहां चूक हुई इसकी जांच की जाएगी।
कमलनाथ बोले मतदाता फैसला करेंगे
आमसभा को संबोधित करते हुए कमल नाथ ने कहा कि महाकाल लोक में हुए घोटाले ने प्रदेश को देशभर में कलंकित कर दिया। 18 साल में शिवराजसिंह ने प्रदेश को चौपट प्रदेश बनाकर रख दिया है। भविष्य आपके हाथ में है। मतदाता शिवराज सिंह के नाटक और घोटालों को देखते हुए फैसला करेंगे।

