
कांकेर । नक्सलियों ने बुधवार को कांकेर सांसद विक्रम उसेंडी के फार्म हाउस को निशाना बनाया है। नक्सलियों ने अन्तागढ़ थाना क्षेत्र के बर्रेबेड़ा स्थित फार्म हाउस को आईडी ब्लास्ट कर उड़ाया है, इतना ही नहीं नक्सलियों ने फार्म हाउस के कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की है।
नक्सलियों ने ब्लास्ट से पहले घर में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाला, इसके बाद घर में आग लगाकर विस्फोट कर दिया। इस दौरान नक्सलियों ने सांसद के रिश्तेदारों व कर्मचारियों के से मारपीट भी की। सांसद विक्रम उसेंडी का फार्म हाउस अंतागढ़ थाना क्षेत्र के बर्रेबेड़ा गांव में स्थित है। कांकेर एसपी ने वारदात की पुष्टि की है।
मिली जानकारी के मुताबिक सांसद उसेंडी के फार्म हाउस पर 100 से अधिक संख्य में नक्सलियों ने धावा बोला। इसमें कई महिला नक्सली भी शामिल थी। घर को पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया है। घटना स्थल से पुलिस नक्सली बैनर व पोस्टर भी बरामद किए हैं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।








