Site icon Yashbharat.com

कलेक्ट्रेट वीडियो कांफ्रेंसिंग में हंगामा, रोज बदल रही मैपिंग, मनमर्जी से हो रहा भंडारण

yashbharat mono

जबलपुर। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के वीडिया कांफ्रेंसिंग हॉल में खाद्य विभाग की चल रही प्रदेश स्तरीय वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। जानकारी के मुताबिक जब गेंहू, चना सहित अन्य रबी की फसलों की खरीदी एवं खाद्य से संबंधित विषय पर प्रदेश के आला अधिकारियों के साथ मीटिंग हो रही थी उसी दौरान गोदाम संचालक सुशील शर्मा द्वारा वहां पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक गेंहू की खरीदी के बाद चने की खरीदी में तेजी आई है।

जिसके भंडारण को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। एमपी वेयरहाउसिंग और नागरिक आपूूर्ति निगम के अधिकारी अपनी सुविधा के अनुसार अपने फायदे के लिए भंडारण में गोलमोल कर रहे हैं और आला अधिकारियों को गलत जानकारियां देकर भ्रमित कर रहे हैं। जिसको लेकर गोदाम संचालक द्वारा मीटिंग के दौरान हंगामा खड़ा कर दिया गया।
यह है मामला
चने के भंडारण के लिए विभाग द्वारा एक माह पूर्व कुछ गोदामों को लिस्टेड किया था। जहां पर अलग-अलग खरीदी केन्द्रों से चना आना था जिसमें से सुशील शर्मा का महादेव वेयरहाउस भी सबसे पहले सूची में शामिल किया गया था। लेकिन जैसे ही भंडारण तेज हुआ इस गोदाम को बंद करके दूसरी गोदामों में गाड़ियां लगवा दी गई। उसके बाद गोदाम संचालक द्वारा आरजू मिन्नत करके फिर से भंडारण प्रारंभ करवाया। कुछ दिनों के बाद फिर से महादेव वेयरहाउस को बंद करके दूसरी जगह गाड़ियां भेज दी गईं। जिससे परेशान होकर संचालक कलेक्ट्रेट पहुंचकर आला अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी। जिसके बाद एडीशनल कलेक्टर संजना जैन द्वारा उन्हें बुलाया गया और उनसे सारी जानकारी ली। सुशील शर्मा ने बताया कि संजना मैडम से मिलने के बाद उन्हें उम्मीद है कि उनकी समस्या का समाधान होगा और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। एडीशनल कलेक्टर की समझाईश के बाद पूरा मामला शांत हुआ। पूरे मामले को यदि देखें तो इसमें वेयरहाउसिंग के जिला प्रबंधक की भूमिका संदिग्ध है जो नियमों को किनारे करके अपनी मर्जी से काम कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक जिन गोदामों में चना रखा जाना है वे डब्ल्यूडीआरए मानक की होनी चाहिए लेकिन कई जगह पैसों का लेन देन करके नॉन डब्ल्यूडीआरए गोदामों में भंडारण हो रहा है। यदि चना खराब होता है तो ऐसे में जिम्मेदारी तय नहीं हो पायेगी।

Exit mobile version