कर्नाटक चुनाव LIVE: रुझानों में भाजपा को 95 सीटों पर बढ़त
बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद अब मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बढ़त बनाने के बाद कांग्रेस पिछड़ गई है। अब तक 224 में से 189 सीटों के रुझान आ चुके हैं। इन रुझानों में जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर चल रही है वहीं कुमारस्वामी की जेडीएस किंग मेकर बनती दिख रही है।
भाजपा ने मतगणना शुरू होने के बाद बढ़त बना ली है और 85 सीटों पर आगे चल रही है वहीं कांग्रेस 78 पर आगे है। एग्जिट पोल के अनुमान को सही साबित करते हुए कुमारस्वामी की जेडीएस 27 सीटों पर आगे चल रही है।
इससे पहले कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पोस्टल वोट्स की गिनती हो रही थी और इनमें कांग्रेस 59 सीटों पर भाजपा 54 पर और जेडीएस 16 सीटों पर आगे थी। सिद्धारमैया बादामी और चामुंडेश्वरी सीटों पर पीछे चल रहे हैं वहीं जेडीएस के कुमारस्वामी अपनी सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार येदियुरप्पा शिकारीपुरा सीट से आगे चल रहे हैं।
राज्य में 222 सीटों के लिए 12 मई को हुए मतदान के बाद आज चुनाव मैदान में उतरे 2654 उम्मीदवारों की तकदीर का फैसला होगा। इनमें से 216 महिला उम्मीदवार हैं। इस चुनाव में कांग्रेस की तरफ से जहां सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं वहीं भाजपा ने येद्दियुरप्पा को मैदान में उतारा है। मतगणना के लिए राज्य के 38 मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्य में 55000 पुलिसकर्मी तैनात किए हैं जिनमें से 11 हजार तो सिर्फ बेंगलुरु में ही हैं।
आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद आए एग्जिट पोल्स में भाजपा और कांग्रेस दोनों को ही स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था, वहीं जेडीएस को किंग मेकर के रूप में दिखाया गया था। आज देखना होगा कि यह एग्जिट पोल्स कितने सही साबित होते हैं।
मतदान शुरू होने से पहले जहां बड़े नेताओं के मंदिरों में दर्शन का दौर शुरू हो चुका है वहीं भाजपा और कांग्रेस समर्थकों ने भी पूजा-पाठ शुरू कर दी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राज्य में मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने राज्य में बने 38 मतगणना केंद्रों के आसपास किसी भी तरह के जुलूस, जश्न और पटाखों पर प्रतिबंध लगा रखा है। बेंगलुरु में तीन विधानसभा के मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।