Latest

कर्नाटक उपचुनाव: BJP प्रत्याशी कांग्रेस में शामिल, ये है पूरा माजरा

बैंगलुरू। कर्नाटक में रामनगर के विधानसभा चुनाव में भाजपा को उस वक्त भारी झटका लगा, जब भाजपा उम्मीदवार एल. चंद्रशेखर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। 49 वर्षीय चंद्रशेखर पहले कांग्रेस में थे और रामनगर उप चुनाव लड़ने के लिए 10 अक्टूबर को भाजपा में शामिल हुए थे। रामनगर विधानसभा उपचुनाव तीन नवंबर को होना है।

चंद्रशेखर ने कहा कि, भाजपा नेताओं ने मुझसे चुनाव में सहयोग का वादा किया था इसलिए मैं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुआ था और मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी की पत्नी अनीता कुमारस्वामी के खिलाफ चुनाव लड़ रहा था, लेकिन भाजपा के नेता मेरा सहयोग नहीं कर रहे हैं। इसलिए मैंने पार्टी छोड़कर वापस कांग्रेस में लौटने का फैसला किया है।

गौरतलब है रामनगर से मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी की पत्नी अनीता कुमारस्वामी (जेडीएस) चुनाव लड़ रही है। उप चुनाव से दो दिन पहले और उम्मीदवार द्वारा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद आए चंद्रशेखर के फैसले पर निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि उनका नाम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बरकरार रहेगा।

दक्षिणी राज्य के दो विधानसभा क्षेत्र रामनगर व जामखंडी और तीन लोकसभा क्षेत्र बेल्लारी, शिवामोगा व मांड्या में उपचुनाव शनिवार को होगा। मतों की गणना छह नवंबर को की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button