भोपाल. मध्य प्रदेश में जारी सियासी संग्राम के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इन सब के बीच रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। बैठक पीसीसी चीफ और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के आवास पर हुई। बैठक में उप चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
जानकारी के अनुसार, इस बैठक में कई कांग्रेसी विधायक शामिल नहीं हुए। इस पर कमल नाथ ने कहा कि मुझे पता है अभी कौन-कौन पार्टी छोड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जिनको भी समस्या है, वो आए और बताए। समस्या का हल निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग भी पार्टी छोड़कर गए हैं, वे अपनी समस्या नहीं बताएं हैं। चुपचाप पार्टी छोड़कर चले गए हैं।
अब कब होगी विधायक दल की बैठक?
बताया जा रहा है कि बैठक में कमल नाथ ने साफ-साफ कह दिया है अब विधायक दल की बैठक उस वक्त होगी, जब हमलोग सरकार बनाएंगे। दरअसल, मध्य प्रदेश में 26 सीटों पर उप चुनाव होना, ऐसे में कांग्रेस को विश्वास है कि उप चुनाव में जीत हासिल कर एक बार से सत्ता में वापसी कर सकते हैं। यही कारण है कि कमल नाथ ने कहा कि जब हमलोग सरकार बनाने जाएंगे तब ही विधायक दल की बैठक होगी।
शिवराज बोले- … ख्याल अच्छा है
पूर्व सीएम कमल नाथ के इस बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि … ख्याल अच्छा है। दरअसल, शिवराज सिंह चौहान सोमवार को ग्वालियर पहुंचे। यहां पर वे नरेन्द्र सिंह तोमर को घर आए और शोक संवेदना व्यक्त की। यहां पर वे केंद्रीय मंत्री के अनुज स्व. अजय प्रताप सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

