Sunday, April 26, 2026
Latest:
jabalpurkatniLatestमध्यप्रदेश

कटनी-सतना के बीच बड़ा रेल हादसा टला, महाकौशल EXP खुली चाबियों की ट्रेक से 110 Kmh की रफ्तार से गुजरी

Katni to Satna कटनी सतना के बीच आज एक बड़ा रेल हादसा होते बच गया। दरअसल इस रूट पर महाकौशल एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची। उचेहरा-लगरगवां स्टेशन के बीच के लगभग 100 मीटर लंबे रेलवे ट्रैक की चाबियां खोल दी थीं। इस ट्रैक से महाकौशल एक्सप्रेस 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजर गई। ट्रेन में लगभग डेढ़ हजार यात्री थे। उनकी किस्मत अच्छी थी कि ट्रेन पटरी से नहीं उतरी। पटरियों से गुजरते वक्त ट्रेन के इंजन से कई चांबियां टकराई, जिसकी आवाज सुनकर ट्रेन ड्राइवर ने तत्काल इसकी जानकारी जबलपुर रेलवे कंट्रोल को दी।

158 चाबी खोल दी गई थीं

पटरियों से स्लीपर को जोड़ने और ट्रैक को मजबूती देने के लिए इसे लोहे की चाबियों से कसा जाता है। इससे ट्रेन मजबूती से सुरक्षित ट्रैक से गुजरती है। घटना रविवार रात लगभग 10.48 की बताई जा रही है। 100 मीटर लंबे रेलवे ट्रैक पर लगभग 600 चाबियां होती हैं, जिसमें से 158 चाबी खोल दी गई थीं। इन्हें लगातार नहीं खोला, बल्कि बीच-बीच की चाबियों को खोलकर अलग किया गया था। अधिकांश चाबी रेलवे ट्रैक के आसपास मिलीं, जिससे चोरी से ज्यादा ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त करने की संभावना बताई गई है।

तत्काल ट्रेनों की आवाजाही को रोका गया

खबर लगते ही सतना और मैहर से इंजीनियरिंग और आरपीएफ के अधिकारी-जवान मौके पर पहुंच गए। जांच के दौरान देखा कि 100 मीटर लंबी पटरियों में से 158 चाबियां गायब हैं। इन चाबियों में से कुछ पटरियों के किनारे पड़ी मिलीं तो कुछ गायब थीं। तत्काल ट्रेनों की आवाजाही को रोका गया और फिर सतना से चाबियां लाकर रेलवे ट्रैक को लाक किया गया।

रेल अधिकारी पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे आरपीएफ के आइजी पीके गुप्ता, जबलपुर रेल मंडल के सीनियर डीएससी अरूण त्रिपाठी के साथ रीवा से पुलिस विभाग के एडीजी वेकेंटेश्वर समेत पुलिस के आला अधिकारी मौक पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर दो साइकिल और कुछ औजार भी मिले। वहीं दो से तीन संदिग्ध लोगों के रेलवे ट्रैक के आसपास होने की जानकारी लगते ही आरपीएफ के साथ स्थानीय पुलिस के अधिकारियों ने छानबीन शुरू कर दी। इधर घटना ने जबलपुर रेल मंडल समेत प्रयागराज रेल मंडल, झांसी रेल मंडल में अलर्ट जारी कर दिया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम