Site icon Yashbharat.com

कटनी के प्रेमी युगल की राजधानी में संदेहास्पद मौत पर सवाल, पुलिस की थ्योरी-गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड का गला घोंटा फिर खुद लगा ली फांसी

fansi

कटनी के बरही खितौली एवं बिलहरी निवासी प्रेमी युगल के भोपाल की होटल में शव मिलने की घटना से सभी आवाक हैं। भले ही पुलिस इसे हत्या के बाद आत्महत्या बता रही पर कहीं न कहीं घटना को लेकर सन्देह सभी के मन मे उठ रहा है।

आपको बता दें कि राजधानी भोपाल के अल्पना टॉकीज के पास होटल बंजारा के टॉप फ्लोर के कमरे में बुधवार रात युवक-युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। यहां युवती का शव पंखे पर फंदे से लटका था। युवक का शव बिस्तर पर पड़ा था, लेकिन उसके मुंह पर तकिया रखा हुआ था और गले में मफलर कसा था। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि युवक की हत्या करने के बाद युवती ने फांसी लगाई है।

बता दें कि मृतक युवक का नाम मनीष चक्रवर्ती और युवती का नाम किरण केवट है। दोनों प्रेमी-प्रेमिका थे और कटनी के रहने वाले वाले थे। दोनों तीन दिन से घर से लापता थे। होटल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। किसी बाहरी के आने के सबूत भी पुलिस को नहीं मिले हैं। वहीं घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार रात युवक-युवती ने होटल में कमरा बुक किया था। लेकिन दोनों बुधवार शाम 6 बजे तक बाहर नहीं निकले। होटल स्टाफ के आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाकर कमरे में दाखिल हुई तो पंखे पर 19 वर्षीय युवती का शव था, जबकि बिस्तर पर युवक का शव पड़ा था।

इधर होटल में जमा किए गए दस्तावेज से युवक की पहचान बिलहरी गांव, कटनी निवासी मनीष चक्रवर्ती (23) और युवती की पहचान किरण केवट (21) निवासी खितौली, कटनी के तौर पर हुई। पुलिस ने दस्तावेज पर मिले मोबाइल नंबर के आधार पर दोनों के परिजन को कॉल कर दिया है। FSL टीम ने जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version