कटनी की दाल मिल में भीषण आग, हजारों क्विंटल दाल जलकर राख; तीन दमकलों ने घंटों की मशक्कत से पाया काबू

कटनी की दाल मिल में भीषण आग, हजारों क्विंटल दाल जलकर राख; तीन दमकलों ने घंटों की मशक्कत से पाया काब
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया स्थित एस.के. एग्रो फर्म की दाल मिल में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मिल परिसर में रखा हजारों क्विंटल दाल का स्टॉक जलकर नष्ट हो गया।
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसे बुझाने के लिए दमकल विभाग के तीन अग्निशमन वाहनों को मौके पर बुलाना पड़ा। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के हिस्सों में आग फैलने से रोका।
घटना में मिल संचालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस एवं संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।








