Site icon Yashbharat.com

कंप्यूटर बाबा को एक केस में जमानत दूसरे में 24 घंटे की रिमांड पर सौंपा

Computer Baba Indore। कंप्यूटर बाबा की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही। गांधीनगर पुलिस थाने में दर्ज प्रकरण में तो उन्हें सोमवार को जिला अदालत से जमानत मिल गई लेकिन एरोड्रम पुलिस थाने में दर्ज प्रकरण में उन्हें 24 घंटे की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया गया। इधर धारा 151 में दर्ज प्रकरण में बाबा के समर्थक जेल अधीक्षक के समक्ष 50 हजार रुपये का निजी मुचलका लेकर पहुंचे, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकारा नहीं। अब मंगलवार शाम चार बजे बाबा की एक बार फिर जिला अदालत में पेशी होगी।

उल्लेखनीय है कि नामदेव त्यागी उर्फ कंप्यूटर बाबा को शांति भंग होने की आशंका में 8 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से वे जेल में हैं। जेल में रहने के दौरान ही बाबा के खिलाफ एरोड्रम पुलिस थाने में घर में घुसकर हमला करने और गांधीनगर पुलिस थाने में जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज हो गए। बाबा की तरफ से उच्च न्यायालय में दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका में अदालत ने रविवार को आदेश दिया था कि गांधीनगर और एरोड्रम पुलिस थानों में दर्ज प्रकरण में बाबा सोमवार को जमानत आवेदन प्रस्तुत कर और जिला अदालत सोमवार को ही उन पर सुनवाई कर आदेश जारी करे।

Exit mobile version