गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में मस्तिष्क ज्वर बीमारी फैलने से तीन बच्चों की मौत हो गई है. इस बीमारी से पीड़ित 5 बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि दूषित पानी पीने से ये बीमारी फैल रही है. स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच में जुट गई है.
दरअसल, सिरसी थाना क्षेत्र के कन्नाटा गांव में मस्तिष्क ज्वर की बीमारी तेजी से फैलती जा रही है. इस वायरस से अब तक गांव में तीन बच्चें की मौत हो गई, जबकि गंभीर रुप से बीमार पांच बच्चों को अस्पताल में भर्ती किया है.
सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच गई है, जहां बच्चों का मेडिकल टेस्ट किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि गांव में इस बीमारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है. बच्चों में ये दिमागी बुखार गंदे पानी की वजह से फैलता जा रहा है.
मस्तिष्क ज्वर बीमारी से तीन बच्चों की मौत के बाद मंत्री जयभान सिंह पवैया ने अफसोस जताया है. बता दें कि मस्तिष्क ज्वर एक प्रकार का दिमागी बुखार है जो वायरल संक्रमण के कारण होता है.

