Site icon Yashbharat.com

उबर कैब में महिला पत्रकार के साथ मारपीट, जांच में जुटी पुलिस

uber

मुंबई। मुंबई में उबर कैब में एक महिला पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में महिला पत्रकार को चोट भी आई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना शहर के लोअर परेल इलाके की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला पत्रकार उष्नोता पॉल ने अपनी शिकायत में कहा है कि वो जिस कैब में सवार थी उसमें एक अन्य महिला भी थी और उसे सबसे आखरी में ड्रॉप किया जाना था। इसी बात को लेकर महिला बड़क गई और उसने महिला पत्रकार के बाल खींचे और मारपीट की। इस विवाद में महिला पत्रकार को चेहरे पर चोट भी आई है।

उष्नोता पॉल ने अपने पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने उबर की पूल सिस्टम से कैब बुक कराई थी। साथी महिला यात्री उसे सबसे आखिर में उतारने को लेकर कैब ड्राइवर से लगातार शिकायत कर रही थी। इस पर उष्नोता ने महिला को रूट समझाने का प्रयास किया। इस पर आरोपी महिला ने उनसे गाली-गलौच शुरू कर दी। महिला पत्रकार ने बताया कि आरोपी महिला ने ऐसे-ऐसे शब्दों का प्रयोग किया कि उन्हें सार्वजनिक तौर पर नहीं लिखा जा सकता और न ही सार्वजनिक तौर पर बताया जा सकता है।

उष्नोता पॉल ने बताया कि इसके बाद वह अपने काम में व्यस्त हो गई, लेकिन महिला लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती रही। पॉल का आरोप है कि कैब के लोअर परेल पहुंचते ही महिला ने पहले नस्ली टिप्पणी की और धमकी दी। इसके बाद उसने पॉल पर हमला कर दिया। पीड़ित महिला पत्रकार ने बताया कि आरोपी महिला ने उनके बाल नोंच लिए और चेहरे और हाथ पर नाखून भी मारे, जिससे वह घायल हो गईं। इस दौरान वहां खड़े लोगों ने उन्हें बचाने की बिल्कुल कोशिश नहीं की।

उष्नोता कैब से उतरकर सीधे लोअर परेल थाने पहुंचीं। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने शिकायत दर्ज की। इस मामले में आरोपी महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा 322 (जानबूझकर किसी को चोट पहुंचाना) और धारा 504 (जानबूझकर किसी का अपनान करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित महिला पत्रकार ने उबर को फोन कर आरोपी महिला का नाम-पता मांगा। लेकिन कंपनी ने निजता का हवाला देकर पता देने से मना कर दिया।

Exit mobile version