उधर हो रही थी अंतिम संस्‍कार की तैयारी, इधर भाई ले रहा था शव से अंगूठे का निशान

गोरखपुर। संपत्ति के लालच में इंसान किस हद तक नीचे गिर सकता है इसका उदाहरण सिद्धार्थनगर के गोल्हौरा थाना में मिला। भाई की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। शव श्मशान घाट पहुंच गया था।

इसी बीच छोटे भाई ने मृत पड़े बड़े भाई के अंगूठे का निशान सादे कागज पर लेने लगा। मानवता और रिश्तों को शर्मशार करने वाली इस घटना को जिसने भी देखा उसने छोटे भाई को धिक्कारा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। उधर मृतक की पत्नी नें अपने देवर व अन्य खिलाफ इसकी तहरीर पर दे दिया है।

ग्राम मझवन खुर्द निवासी पूर्व प्रधान विशम्भर उर्फ कल्लू (७०) की मृत्यु हो गई। उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव के पूरब स्थित राप्ती नदी के तट पर ले जाया गया, जहां उनके छोटे भाई राम पदारथ व अन्य ने शव स्टैंप पेपर पर मृतक के दाहिने हाथ का अंगूठा निशान ले लिया। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने इस कृत्य का वीडियो तक बना लिया और उसे वायरल भी कर दिया। इस कृत्य की जानकारी मृतक की पत्नी मंजू देवी को हुई तो वह थाने पहुंची और घटना की तहरीर दी।

बताते हैं कि विशम्भर की पहली पत्नी डेढ़ दशक पूर्व मर चुकी थी। इसके बाद उन्होंने मंजू देवी से शादी की। मंजू से दो पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। चर्चा है कि विशम्भर की संपत्ति को लेकर छोटे भाई ने ऐसा किया है। पुलिस को दिए तहरीर में पत्नी मंजू ने आरोप लगाया है कि लोग उसके साथ कोई अप्रिय घटना भी कर सकते हैं। थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार राव ने कहा कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी मिलेंगे उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version