Saturday, May 16, 2026
Latest

उत्तराखंड के इस गांव सभी 800 लोग एक ही तारीख को पैदा हुए, पढ़ें रोचक मामला

नई दिल्ली। हरिद्वार जिले के एक गांव में 800 लोग एक ही तारीख को पैदा हुए हैं। सुनकर चौंक गए न कि ऐसा कैसे हो सकता है। दरअसल, यह कोई कुदरत का करिश्मा नहीं है, बल्कि आधार नंबर का पंजीयन करने वाले कर्मचारियों की करामात है।

गेंडीखाता वन गुर्जर बस्ती के 800 लोगों के आधार कार्ड पर उनकी जन्म तारीख 1 जनवरी लिखी है। हालांकि, जन्म का वर्ष अलग-अलग है। इससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस लापरवाही का खामियाजा ये लोग भुगत रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी स्वाति भदौरिया ने बताया कि 800 लोगों की जन्म तिथि गलत होना बड़ी गलती है। बिना सत्यापन जन्म तिथि दर्ज नहीं की जा सकती। एजेंसी की लापरवाही सामने आने पर एजेंसी का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। एजेंसी को भविष्य में कैंप लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी तक उनके पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है।

ऐसे होगा सही

ग्रामीण अपने पास के कॉमन सर्विस सेंटर में जाकर जन्म तिथि का प्रमाण पत्र दिखाकर आधार कार्ड में जन्म तिथि ठीक करा सकते हैं। इसके अलावा नाम या पिता के नाम को भी ठीक कराया जा सकता है। कुछ लोग आधार कार्ड पर गलत जन्म तिथि दर्ज कराकर अवैध रूप से वृद्धा पेंशन ले रहे हैं। इसका खुलासा पथरी और श्यामपुर में हो चुका है। जिलाधिकारी दीपक रावत को इसकी शिकायत मिली थी और उन्होंने 40 से अधिक लोगों की पेंशन को निरस्त किया था।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply