Coronaमध्यप्रदेश

उज्जैन में मिले RMO सहित 21 नए कोरोना पॉजिटिव, 525 पहुंची मरीजों की संख्या

Ujjain उज्जैन में शुक्रवार को 21 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं, इनमें जिला अस्पताल के स्थानीय चिकित्सा अधिकारी (आरएमओ) भी शामिल हैं। इन्हें मिलाकर अब उज्जैन जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 525 पर पहुंच गया है। महामारी के कारण 51 लोगों की जान जा चुकी है, वहीं 219 ठीक होकर अस्पताल और क्वारंटाइन सेंटर से डिस्चार्ज भी हो चुके हैं।

शुक्रवार को उज्जैन शहर से 19 और महिदपुर से 2 केस सामने आए। इनमें से कई पहले से ही कंटेनमेंट घोषित किए गए क्षेत्रों से हैं। कुछ नए इलाकों में भी संक्रमण ने दस्तक दी है। शहर के अहमद नगर, भुवनेश्वर कॉलोनी, निजातपुरा, रामी नगर, महाश्वेता नगर में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जिला अस्पताल के आरएमओ में कुछ लक्षण मिलने के बाद उनका सैंपल लिया गया था।

रिपोर्ट पॉजिटिव आने से अस्पताल से जुड़े कुछ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को क्वारंटाइन किया गया है। साथ ही सैंपल भी लिए जा रहे हैं। इधर, शुक्रवार को एक और मरीज को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अब तक 219 मरीजों को छुट्टी दी जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब 255 एक्टिव मरीज हैं। इनमें से 176 में कोई लक्षण नहीं हैं। उज्जैन में प्लाज्मा थैरेपी की शुरुआत शुक्रवार से शहर में प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना मरीजों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हुई। आगर रोड स्थित आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में नर्स दीपा मोहन ने प्लाज्मा डोनेट किया। नर्स दीपा ने ही कॉलेज की उस मशीन का फीता काटकर शुभारंभ भी किया, जिससे प्लाज्मा निकाला जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम