#MP Vidhansabha ElectionsFEATUREDLatest

इस मामले में कांग्रेस भाजपा से आगे, 5 को मैदान में उतारा

इंदौर। टिकट घोषित करने के मामले में कांग्रेस से पिछड़ी भाजपा इस बार महिलाओं को मैदान में उतारने के मामले में भी विपक्षी पार्टी से पिछड़ गई है। महिलाओं को लोकसभा उम्मीदवार बनाने के मामले में मप्र भाजपा का हाथ तंग है। हाल यह है कि बीते लोकसभा चुनाव के मुकाबले महज 20 प्रतिशत महिलाओं को इस बार टिकट दिया गया। वहीं कांग्रेस ने इस मामले में अपना प्रदर्शन सुधारते हुए पिछली बार से ज्यादा महिला प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। 13वीं लोकसभा में प्रदेश से पांच महिलाएं सांसद बनी थीं। इन सभी ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी ने इस बार इनमें से सिर्फ एक ही को दोबारा मौका दिया है।

प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही मुकाबले का स्पष्ट चित्र सामने आने लगा है। भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में जहां बैतूल, धार, इंदौर, विदिशा और सीधी से महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था वहीं कांग्रेस ने भिंड, शहडोल, बालाघाट और मंदसौर से महिलाओं को मौका दिया था। भाजपा की पांचों महिला प्रत्याशी तो जीत दर्ज कर लोकसभा पहुंच गईं लेकिन कांग्रेस की चारों प्रत्याशियों को हार का स्वाद चखना पड़ा था। इस बार स्थिति बिलकुल उलट है। टिकट वितरण में महिलाओं को तवज्जो देने का दावा करने वाली भाजपा के पांचों मौजूदा महिला सांसदों में से सिर्फ एक ही मैदान में है। बाकी चार को पार्टी ने टिकट ही नहीं दिया। इंदौर लोकसभा सीट से भी महिला प्रत्याशी का नाम सामने आया था लेकिन बाद में इसे खारिज कर दिया गया। इधर कांग्रेस ने पिछली बार से सबक लेते हुए महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाई है। पार्टी ने 29 में से पांच जगह महिला प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।

37 ने आजमाया था भाग्य, 5 को मिली थी सफलता : 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश में 37 महिला प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया था। इनमें से पांच को सफलता भी मिली थी। इन सभी ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। चुनावी मैदान में उतरी 28 महिलाओं की जमानत जब्त हो गई थी, लेकिन चार ऐसी भी थीं जिन्हें जीत तो हासिल नहीं हुई लेकिन वे जमानत बचाने में कामयाब हुई थीं। महिला प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा मत इंदौर से चुनाव लड़ने वाली भाजपा की सुमित्रा महाजन को मिले थे। चुनाव में पड़े 13 लाख 10 हजार 873 वोटों में से उन्होंने 8 लाख 54 हजार 972 मत हासिल किए थे। महिला प्रत्याशियों में सबसे कम वोट भोपाल से चुनाव लड़ने वाली निर्दलीय प्रत्याशी प्रभावती शाक्यखोट को मिले थे। 11 लाख 25 हजार एक मतों में से 425 वोट ही हासिल कर सकीं।

Leave a Reply

Back to top button