Coronavirus in Indore : शनिवार को कोरोना संक्रमण से पीड़ित मरीजों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा सामने आया। इंदौर मेडिकल कॉलेज की रिपोर्ट अनुसार एक ही दिन में 49 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इन्हें मिलाकर इंदौर में संक्रमितों की संख्या 298 हो गई है। इसमें मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग द्वारा बस्तियों में चलाए जा रहे सर्वे के दौरान, लिए गए सैंपल भी शामिल हैं। उधर, शनिवार तड़के 03 मरीजों की मौत की पुष्टि हुई थी। इन्हें मिलाकर अब तक 30 मौत हो चुकी हैं।
गौरतलब है कि इंदौर में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण 7 लोगों की मौत हो गई। देर रात जारी रिपोर्ट में 3 और मौतों की पुष्टि की गई है। इनको मिलाकर इंदौर शहर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 30 पहुंच गई है। शुक्रवार शाम तक जहां 4 मौत की पुष्टि हुई थी। वहीं इंदौर मेडिकल कॉलेज ने शनिवार अलसुबह 4 बजे तीन और मौत की पुष्टि की, इसमें से एक की मौत 8 अप्रैल को हुई थी। जबकि दो की मौत 10 अप्रैल को हुई थी।

