इंदौर जू में जल्द ही दर्शकों के सामने होंगे बाघ के 2 नन्हें शावक
इंदौर। इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में बाघ के 2 शावकों को जल्द ही दर्शकों के सामने लाने की तैयारी है। जन्म के बाद पहली बार इन शावकों को स्पेशल केयर यूनिट से बाहर लाया गया। 17 मई को जन्म के बाद से ही इन दोनों शावकों को नियोनेटल केयर (अतिरिक्त देखभाल) में रखा गया था।
इंदौर के प्राणी संग्रहालय में पहुंचने वाले दर्शक जल्द ही बाघ के 2 नन्हें शावकों को देखने का आनंद उठा सकेंगे। इनमें एक नर शावक है और एक मादा है। 17 मई को बाघिन जमुना ने 2 शावकों को जन्म दिया था लेकिन उसके बाद से इन शावकों को बाघ के पिंजरे के परिसर में बने स्पेशल केज में ही रखा गया था। परिसर में अलग बने इस यूनिट में बाघिन जमुना और शावक ही थे, शेष बाघों को इस यूनिट से अलग रखा गया था। चिड़ियाघर प्रबंधन की टीम लगातार बाघिन जमुना और शावकों पर नजर रखे हुए थी।
करीब 13 दिनों बाद इन शावकों को स्पेशल केयर यूनिट से बाहर लाया गया। ऐसे में अब जल्द ही ये नन्हें शावक चिड़ियाघर के आकर्षण के केंद्र होंगे। इंदौर के चिड़ियाघर के लिए ये बड़ी उपलब्धि है क्योंकि ये चिड़ियाघर बाघों की ब्रीडिंग के लिए पूरे देशभर में विख्यात है।