इंदौर के चिड़ियाघर में शेर के बाड़े में कूदा युवक, कर्मचारियों ने निकाला बाहर

वेब डेस्क । इंदौर के कमला नेहरु प्राणी संग्रहालय में में एक बार फिर शेर के बाड़े में युवक के कूदने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ये युवक मानसिक रुप से बीमार है। ये युवक शेर के बाड़े में कूदा और वहां करीब आधे घंटे तक रहा। ये पूरा घटनाक्रम चिड़ियाघर के कैंटिन के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई।

आते-जाते लोगों का ध्यान उस पर नहीं गया, हालांकि वो लोगों के सामने ही बाड़े में उतरा। उस समय लोगों को लगा कि वो चिड़ियाघर का कर्मचारी है। लेकिन बाद में वो काफी देर तक बाड़े में ही रहा।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ये युवक करीब आधा घंटा शेर के बाड़े में रहा। यहां वो मजे से चने खाता रहा। आपको बता दें कि युवक बाड़े के जिस हिस्से में उतरा वो बाड़े का बफर जोन था जहां से युवक बाड़े में नीचे उतरा। बफर जोन करीब 15 फीट गहरा और बाड़े की मुख्य बाउंड्री से करीब 20 फीट की दूरी पर बना हुआ है।

लोगों का ध्यान इस युवक पर तब गया जब वो ऊपर आने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान चिड़ियाघर के कर्मचारियोंं की नजर भी उस पर पड़ी। कर्मचारियोंं ने पकड़कर उसे बाड़े के बाहर निकाला।

कर्मचारियों के मुताबिक युवक नशे में था और सही तरीके से बात भी नहीं कर पा रहा था। वो मानसिक रुप से बीमार भी नजर आया।

फिलहाल युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस घटना से एक बार फिर चिड़ियाघर की सुरक्षा पर सवाल उठ गए हैं। जिस जगह से ये युवक शेर के बाड़े में उतरा वहीं से पहले भी एक व्यक्ति बाड़े में उतर चुका है। बावजूद चिड़ियाघर प्रबंधन ने वो खामी दूर नहीं की।

Exit mobile version